रविवार, 16 फ़रवरी 2020

तीर्थ दर्शन योजना पर सियासत, शर्मा ने कहा मंत्री मैं या फिर वो

पी.सी.शर्मा 

तीर्थ दर्शन योजना के तहत वैष्णोदवी के लिए जाने वाली ट्रेन को निरस्त किए जाने के बाद राज्य में सियासत गर्मा गई है. पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इसे लेकर कांग्रेस पर हमला बोला है, वहीं राज्य के धर्मस्य मंत्री पी.सी.शर्मा ने इसे लेकर सफाई दी है कि योजना को बंद नहीं किया गया, योजना यथावत चलेगी. फिलहाल परीक्षाओं के चलते यात्रा को स्थगित किया गया है. शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री पर पलटवार करते हुए यहां तक कह दिया कि मंत्री वे हैं या फिर मैं.
तीर्थ दर्शन योजना के तहत 15 फरवरी को वैष्णोदेवी के लिए जाने वाले ट्रेन के निरस्त किए जाने के बाद राज्य सरकार पर भाजपा का हमला तेज हो गया है. पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित अन्य  भाजपा नेताओं ने तीर्थ दर्शन योजना के तहत ट्रेन निरस्त होने पर कड़ी अपत्ति जताई और सरकार पर हमला बोला था. इस मामले पर आज रविवार को राज्य के धर्मस्य मंत्री पी.सी.शर्मा ने स्थिति को स्पष्ट किया है. उन्होंने कहा कि तीर्थ दर्शन योजना बंद नहीं होगी, जैसी अभी चल रही है उसी प्रकार यथावत चलेगी. वहीं पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह द्वारा योजना के बंद होने के बयान पर मंत्री पी.सी. शर्मा ने पलटवार करते हुए कहा कि मंत्री मैं हूू या वो. अभी बच्चों के एग्जाम के चलते थोड़े दिनों के लिए स्थगित किया गया है. परीक्षा के बाद तीर्थ दर्शन योजना पहले की तरह चलेगी.  मंत्री शर्मा ने बताया कि मध्य प्रदेश में सोलर पार्क बनाया जाएगा. इसमें बनने वाली बिजली, बिजली कंपनियों को दी जाएगी. यह बिजली उद्योग और कृषि के लिए फायदेमंद होगी. उन्होंने बताया कि शाजापुर, आगर मालवा और नीमच में 1500 मेगा वाट का सोलर पार्क लगेगा. इसके लिए टेंडर की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और 24 हजार हेक्टेयर जमीन भी चिन्हित हो गयी है.
सरकारी धन पर यात्रा, आशीर्वाद नहीं देता भगवान
कैबिनेट मंत्री डॉ गोविंद सिंह ने अपनी सफाई भी दी. उन्होंने कहा कि मैंने कभी नहीं कहा योजना बंद कर दें, लेकिन मैं व्यक्तिगत तौर पर इसका पक्षधर नहीं हूं. योजना में गरीबों से ज्यादा सूट बूट वाले लोग यात्रा कर रहे हैं, वह तफरी करने जाते हैं. सरकार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है, योजना का पैसा स्वास्थ्य और बच्चों की शिक्षा में लगाना चाहिए. मंत्री ने कहा कि सरकारी धन पर जो तीर्थ यात्रा करते हैं, भगवान भी ऐसे लोगों को आशीर्वाद नहीं देता. गौरतबल है कि भाजपा नेताओं द्वारा विरोध करते हुए कहा था कि सहकारिता मंत्री डा. गोविंद सिंह ने भी इस योजना का विरोध किया था.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें