मंगलवार, 4 फ़रवरी 2020

किस विचारधारा के साथ है भाजपा, स्पष्ट करे


भाजपा सांसद अनंत हेगड़े द्वारा महात्मा गांधी को लेकर दिए गए विवादित बयान को पर मचा बवाल थमने का नाम ही नहीं ले रहा है. इसी कड़ी में उनके बयान पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि गोडसे को लेकर सांसद द्वारा दिए बयान पर भाजपा कार्रवाई करती तो महात्मा गांधी को लेकर विवादित बयान देने की किसी की हिम्मत नहीं होती. उन्होंने कहा कि भाजपा को स्पष्ट करना चाहिए कि वह गांधी या फिर गोडसे की विचारधारा के साथ है.
मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आज ट्वीट कर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के सत्याग्रह को ड्रामा बताने वाले के बयान की आलोचना की और  कहा कि भाजपा सांसद का यह बयान बेहद आपत्तिजनक और निंदनीय है. मुख्यमंत्री ने ट्वीट के जरिए भाजपा सांसद पर निशाना साधते हुए कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के स्वतंत्रता आंदोलन के समय किए गए सत्याग्रह को भाजपा सांसद द्वारा ड्रामा बताना बेहद आपत्तिजनक और निंदनीय है. उन्होंने कहा कि भाजपा नेतृत्व यदि पूर्व में ही बापू के हत्यारे गोडसे को दो-दो बार देशभक्त बताने वाली भाजपा सांसद पर दिखावटी कार्यवाही की बजाय, कड़ी कार्यवाही कर देता तो शायद आज गांधीजी के बारे में इस तरह कहने की किसी में हिम्मत ना होती.  मुख्यमंत्री ने कहा कि अब समय आ गया है कि भाजपा को स्पष्ट करना चाहिए कि वो किस विचारधारा के साथ है,  गांधी की या गोडसे की.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें