
मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने आज फिर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पर हमला बोला है. उन्होंने दिग्विजय सिंह तो सिर्फ सुर्खियों में रहने के लिए बयान देते हैं, उन पर बोलना मैं जरुरी नहीं समझती. वहीं संघ के खिलाफ लगातार बयानबाजी करने वाले राज्य के सहकारिता मंत्री डा. गोविंद सिंह को उमा भारती ने सलाह दी है कि वे संघ में शामिल हो जाएं.
पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने आज भाजपा कार्यालय में मीडिया से चर्चा करते हुए यह बात कही. पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह द्वारा राम मंदिर ट्रस्ट को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को लिखी चिट्टी को लेकर उमा भारती ने कहा कि दिग्विजय सिंह सिर्फ इसलिए बयान देते हैं ताकि वो सुर्खियों में बने रहें. दिग्विजय सिंह भोपाल में कितने वोटों से हारे हैं ये सब जानते हैं. अब वो सिर्फ सुर्खियों में रहने के लिए बयानबाजी करते हैं. वहीं कमलनाथ सरकार को लेकर उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने अपने वादे पूरे नहीं किए हैं. लोग ठगा सा महसूस करने लगे हैं. हमने बिना लड़े लोगों के हितों में फैसले करवाए हैं. उस वक्त भी जब हम सत्ता में नहीं थे. आज भले ही हम सत्ता में नहीं है, लेकिन सरकार को मैं घुटने टेकने को विवश कर दूंगी.
गौरतलब है कि दिग्विजय सिंह ने राममंदिर ट्रस्ट पर एक चिट्ठी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को लिखी है. इसमें उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए नया ट्रस्ट बनाने पर ही ऐतराज जताया है. उन्होंने याद दिलाया था कि पूर्व प्रधानमंत्री नरसिम्हा राव के कार्यकाल के दौरान रामालय ट्रस्ट का गठन किया जा चुका है. इसलिए नया ट्रस्ट बनाने का क्या मतलब. ट्रस्ट में किसी प्रमाणित शंकराचार्य को शामिल न करने पर भी सवाल उठाए थे. दिग्विजय सिंह ने ट्रस्ट में वासुदेवानंद को शंकराचार्य के तौर पर शामिल करने का विरोध किया क्योंकि वो बाबरी मस्जिद प्रकरण में अपराधी हैं. दिग्विजय सिंह ने ट्रस्ट में सरकारी अधिकारियों के मनोनयन को भी गलत करार दिया था.
गोविंद सिंह को संघ में होना चाहिए शामिल
पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने राज्य के सहकारिता मंत्री गोविंद सिंह के बयान भी पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि डा. गोविंद सिंह को संघ (राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ) में शामिल हो जाना चाहिए. उमा भारती ने प्रदेश सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद जनता खुद को ठगा महसूस कर रही है. प्रदेश सरकार ने जो वादे किए थे, वो अब तक अधूरे हैं. कानून व्यवस्था की हालत ये है कि भोपाल में ही थाने के पास में वारदातें हो रही हैं.
भाजपा कार्यालय पहुंची, प्रदेश अध्यक्ष को दिया आशीर्वाद
उमा भारती आज प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंची और नवनियुक्त प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वी.डी.शर्मा को केसर चंदन लगाकर आशीर्वाद दिया. उमा भारती ने कहा कि वी.डी. शर्मा कुशल संगठक और प्रचंड जनाधार वाले नेता रहे हैं और इसके लिए उन्होंने भाजपा को भी बधाई दी कि पार्टी को ऐसा नेता प्रदेश अध्यक्ष के रूप में मिला है. इस मौके पर उमा भारती ने शर्मा के विवाह से जुड़ा एक राज भी खोला. उन्होंने बताया कि वी.डी.शर्मा की जिससे शादी हुई है, वह उनके परिचित की ही बेटी है. उन्होंने बताया कि जिस स्तुती की शर्मा के साथ शादी हुई है, उसने पहले ही कहा था कि मैं वी.डी.शर्मा से शादी करना चाहती हूं, जिसके बाद उन्होंने वी.डी.शर्मा को शादी के लिए मनाया था.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें