![]() |
| कुणाल चौधरी |
कांग्रेस विधायक कुणाल चौधरी ने कहा कि प्रदेश में कमलनाथ सरकार बनने के बाद अराजकता समाप्त हुई है. शिवराज सिंह चौहान हत्यारों का बचाव कर रहे हैं. वे खुद यह सिद्ध कर रहे हैं कि उनका हाथ हत्यारों के साथ है.
मध्यप्रदेश के धार जिले में मॉब लिंचिंग की घटना में भाजपा समर्थित सरपंच रमेश जूनापानी की गिरफ्तारी के बाद से भाजपा नेताओं द्वारा सरकार के खिलाफ की जा रही बयानबाजी पर आज कांग्रेस विधायक कुणाल चौधरी ने पलटवार किया है. रमेश जूनापानी की गिरफ्तारी पर पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने ट्वीट करके उन्हें फंसाने का आरोप लगाया है और कहा है कि भाजपा से जुड़े होने के कारण उन्हें गिरफ्तार किया गया है. वहीं अब शिवराज सिंह के ट्वीट पर कांग्रेस विधायक कुणाल चौधरी ने कहा है कि जबसे मध्यप्रदेश में कमलनाथ सरकार आई है, तब से अराजकता समाप्त हुई है. शिवराज सिंह हत्यारों का बचाव कर खुद ही सिद्ध कर रहे हैं कि उनका हाथ हत्यारों के साथ है.
चौधरी ने कहा कि हत्या होती है तो सीधी बात है कि उकसाने वाले और हत्या करने वाले ने जिस प्रकार का घृणित कार्य किया है, उस हिसाब से कार्रवाई होगी. उन्होंने कहा कि वीडियो में साफ फुटेज दिखाई दे रहे हैं. जब शिवराज सिंह का खास आदमी निकलता है, तो उसे बचाने की कोशिश की जाती है. इस तरह हत्यारों को संरक्षण देकर शिवराज सिंह चौहान क्या करना चाहते हैं. उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने के बाद अराजकता खत्म हो चुकी है. कांगे्रेस विधायक ने कहा कि पहले आपने किसानों के पेट पर और छाती पर गोली मारी. आज किसान जब अपने अधिकारों की बात करते हैं, तो आपके लोग उन्हें मारते हैं. जब कानून अपनी कार्रवाई करता है, तो बचाने के लिए ट्वीट करते हैं. स्पष्ट रूप से शिवराज सिंह चौहान का हाथ हत्यारों के साथ है.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें