मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राज्य की कमलनाथ सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में अराजकता का माहौल बन गया है. जनता के हित और प्रदेश की प्रशासनिक नियंत्रण की स्थिति कांग्रेस के राजनीतिक हितों की बलि चढ़ जाएगी.
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सरकार पर निशाना साधते हुए ट्वीट किया है कि प्रदेश में अराजकता का माहौल बन गया है, अधिकारी खुद अपने लिए मन माफिक मद मांग रहे हैं. उन्होंने कहा कि व्यवस्थाएं ध्वस्त हैं, ऐसा लग रहा है कि जनता के हित और प्रदेश की प्रशासनिक नियंत्रण की स्थिति कांग्रेस के राजनीतिक हितों की बलि चढ़ जाएगी. उन्होंने कहा कि अधिकारी स्वयं कहने लगे हैं कि, उन्हें फलां पद चाहिए. प्रदेश मजाक बनकर रह गया है.
इससे पहले शिवराज सिंह ने प्रदेश सरकार पर वर्तमान डीजीपी वीके सिंह को हटाने का आरोप लगाया था. उन्होंने लिखा कि सरकार कर्तव्य परायण डीजीपी वीके सिंह को हटाने का प्रयास कर रही है और दूसरी ओर लोकतंत्र का अपमान करने वाले कलेक्टर को बनाए रखना चाहती है. सरकार को इसको अहम का प्रश्न नहीं बनाना चाहिए. सरकार को सत्य और न्याय के पाले में होना चाहिए, न कि झूठ व अन्याय के. गौरतलब है कि इन दिनों शिवराज सिंह चौहान, कमलनाथ सरकार के खिलाफ सबसे मुखर होकर निशाना साध रहे हैं. बड़ी बात यह भी है कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार अपने गठन के बाद से ही अधिकारियों के तबादलों के मामले में विपक्ष के निशाने पर रही है.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें