मंगलवार, 4 फ़रवरी 2020

अभिनेत्री वहीदा रहमान को मुंबई में दिया गया राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान

संस्कृति मंत्री डा. विजयलक्ष्मी साधो ने आज मुंबई में सुप्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री वहीदा रहमान को उनके निवास पर जाकर उन्हें मध्यप्रदेश सरकार के प्रतिष्ठित किशोर कुमार सम्मान 2018 से अलंकृत किया. वहीदाजी ने प्राप्त सम्मान के लिए मध्यप्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि विशिष्ट वन्य जीवन और हरियाली के कारण मध्य प्रदेश उन्हें पसंद है.
संस्कृति विभाग मध्यप्रदेश शासन के निर्णायक मंडल ने वहीदा रहमान को यह सम्मान देने का निर्णय सर्वसम्मति लिया था. उल्लेखनीय है कि वहीदा रहमान  स्वास्थ्य ठीक न होने से बीते अक्तूबर माह में खंडवा में पार्श्व गायक किशोर कुमार की जयंती पर हुए कार्यक्रम में शामिल न हो सकी थीं. किशोर कुमार सम्मान श्रेष्ठ अभिनय,गायन,निर्देशन आदि के लिए क्रमवार दिया जाता है.  संस्कृति मंत्री डा. विजय लक्ष्मी साधौ ने मुंबई में आज शाम वहीदा रहमान  को उनके बांद्रा (पश्चिम) स्थित निवास पर जाकर सम्मान स्वरूप दो लाख रुपए, शाल-श्रीफल और प्रशस्ति पट्टिका प्रदान किया. 
इस अवसर पर प्रमुख सचिव संस्कृति विभाग  पंकज राग और अन्य अधिकारी भी मौजूद थे. अपने सशक्त अभिनय से जानी गई और छह दशक तक निरंतर कार्य करने वाली वहीदा रहमान को अनेक प्रतिष्ठित सम्मान मिल चुके हैं. आज मध्यप्रदेश सरकार का किशोर कुमार सम्मान दिए जाने पर उनकी बेटी काश्वी भी खुश नजर आर्इं. संस्कृति मंत्री डॉ. विजयलक्ष्मी साधौ ने वहीदा रहमान को उनकी जन्म वर्षगांठ की बधाई भी दी.कल तीन फरवरी को वहीदा जी की जन्म वर्षगांठ थी. संस्कृति मंत्री डा. साधौ ने मुंबई में आज जब बांद्रा (पश्चिम) स्थित निवास पर जाकर सम्मान दिया तब गेलेक्सी स्थित उनके निवास में उनके निकट परिजन भी मौजूद थे.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें