अधिकारियों ने नहीं दिया ध्यान, रेलवे का कहना नहीं मिली शिकायत, लापरवाही नहींमध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के मुख्य रेलवे स्टेशन पर ओव्हर ब्रिज का जो हिस्सा गिरा उसे लेकर रेलवे के अधिकारियों की लापरवाही की बात सामने आ रही है. वेंडरों ने एक दिन पहले ही अधिकारियों को ब्रिज के के्रक होने की शिकायत की थी, मगर अधिकारियों ने समय रहते इस बात पर ध्यान नहीं दिया.
राजधानी के प्लेटफार्म क्रमांक 2 एवं 3 के बीच ओव्हर ब्रिज का जो हिस्सा गिरा उसमें के्रक होने की जानकारी वेंडरों ने अधिकारियों को दी थी. वेंडरों द्वारा की गई शिकायत को अधिकारियों ने गंभीरता से नहीं लिया और आज सुबह यह घटना घटित हो गई. बताया जाता है कि वेंडरों ने बुधवार को सुबह ब्रिज में क्रेक को देखा और रेलवे के अधिकारियों को इस बात की जानकारी दी. इसके बाद बुधवार की रात को भी ब्रिज के निचले हिस्से से कुछ गिरने की जानकारी केंटीन संचालक ने सुबह अधिकारियों को दी थी, मगर तब भी अधिकारियों ने इस घटना को गंभीरता से नहीं लिया और चंद घंटों बाद गुरुवार की सुबह 9 बजे ब्रिज का हिस्सा भरभराकर गिर गया. इससे कई यात्री घायल हो गए.
एक ही परिवार के अधिकांश लोग हुए घायल
रेलवे ब्रिज हादसे में घायल हुए लोगों में अधिकांश एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं. बताया जाता है कि यह परिवार हैदराबाद से शादी करके लौट रहा था. शादी से लौट रहे इस परिवार के 28 लोग थे, मगर 5 लोग मलबा गिरने से घायल हुए हैं. यह परिवार तिरुपति निजामुद्दीन एक्सप्रेस से सुबह ही भोपाल पहुंचा था. ये सभी यात्री राजधानी के जहांगीराबाद निवासी है. ये सामान लेकर ब्रिज के ऊपर रैंप से चल ही रहे थे कि यह हादसा हो गया. वे समझ ही नहीं पाए कि क्या हो रहा है. मलबा गिरने से लोग संभल भी नहीं पाए. मलबे में एक महिला काफी देर तक दबी रही, जिसे काफी मशक्कत के बाद मलबे से निकाला गया.
लापरवाही मानने से अधिकारियों ने किया इंकार
रेलवे ब्रिज हादसे को लेकर रेल प्रशासन लापरवाही मानने को तैयार नहीं है. अधिकारियों का कहना है कि इसमें किसी तरह की लापरवाही नहीं बरती गई है. अधिकारियों की माने तो ब्रिज किसी भी तरह से जर्जर नहीं था. घटना से पहले ब्रिज के जर्जर होने की शिकायत से रेलवे ने इंकार किया है. उनका कहना है कि किसी तरह की शिकायत नहीं मिली थी अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले को लेकर जांच के आदेश दिए गए हैं, जो भी जांच में दोषी पाया जाएगा उन पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी. मुआवजे को लेकर रेलवे का कहना है कि अभी जांच की जा रही है. नियम के मुताबिक मुआवजे का ऐलान किया जाएगा.
पहले व्यक्त किया शोक, फिर कहा कोई मौत नहीं हुई
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने एक के बाद एक ट्वीट कर अपनी संवेदना व्यक्त की. पहले इस हादसे में दो लोगों के मरने की खबर आई थी. शिवराज सिंह ने फौरन घटना पर शोक व्यक्त करते हुए ट्वीट किया था, लेकिन जैसे ही इस बात की पुष्टि हुई की हादसे में किसी की मौत नहीं हुआ है उन्होंने तत्काल अपनी गलती सुधारते हुए दूसरा ट्वीट किया और तसल्ली जताई कि हादसे में किसी की मौत नहीं हुई है. शिवराज सिंह चौहान ने भी घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की.
किसी यात्री के शारीरिक अंग की नहीं हुई क्षति
लगभग प्रात: 9 बजे भोपाल स्टेशन पर प्लेटफार्म क्रमांक 2 के ऊपर फुट ओवर ब्रिज का कुछ स्लेब प्लेटफार्म पर गिर जाने के कारण 9 यात्री घायल हो गए हैं. घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के द्वारा तुरंत यात्रियों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए एवं मण्डल रेल प्रबंधक रेल अधिकारियों की टीम के साथ भोपाल स्टेशन पर पहुच गए. घटना में घायल 9 यात्रियों में से 7 घायल यात्रियों को चिरायु हास्पिटल एवं 2 घायल यात्रियों को हमीदिया हास्पिटल उपचार के लिए तत्काल भेजा गया. उन्होंने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक, भोपाल ने रेल अधिकारियों व रेल चिकित्सकों के साथ स्वयं चिरायु व हमीदिया हास्पिटल जाकर घायलों की स्थिति की पूरी जानकारी ली. रेल्वे प्रवक्ता के अनुसार घायलों में से किसी भी यात्री के शरीर के अंग की क्षति नहीं हुई हैं. घायलों को शारीरिक चोट लगी है. सभी घायलों को रेलवे की तरफ से पूरी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है. रेलवे की पूरी सहानुभूति व संवेदना इस असमायिक घटना में घायल यात्रियों व उनके परिजनों के साथ है. घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश रेलवे द्वारा दिए गए हैं. रेलवे द्वारा घायलों को रेल नियमानुसार तत्कालिक अनुग्रह राशि भी प्रदान की जाएगी.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें