गुरुवार, 6 फ़रवरी 2020

शांति के टापू को कांग्रेस ने हिंसा का अड्डा बना दिया : भार्गव

 भाजपा ने सरकार पर किया हमला, कहा घटना की दोषियों पर हो कठोर कार्रवाई

मध्यप्रदेश के धार जिले में घटित मॉब लिंचिंग की घटना को लेकर भाजपा ने सरकार पर हमला बोला है. विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने कहा कि कांग्रेस ने शांति के टापू मध्यप्रदेश को हिंसा का अड्डा बना दिया है. वहीं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए.
नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने धार के मनावर में कोई घटना पर कहा कि ऐसी घटनाएं समाज को शर्मसार करने वाली घटनाएं हैं मध्यप्रदेश किस ओर बढ़ रहा है?  उन्होंने कहा कि कमलनाथ राज में  6 लोगों को भीड़ ने पीटा और 1 व्यक्ति की बेरहमी से पीट-पीट कर हत्या कर दी. क्या यह  मुख्यमंत्री कमलनाथ  के 1 साल में बना नया मध्यप्रदेश है? उन्होंने कहा कि शांति का टापू कहा जाने वाला मध्यप्रदेश अब एक साल में भीड़ हिंसा का अड्डा बन गया है.  भार्गव ने कहा कि दलितों एवं आदिवासियों की हत्या हो रही है. मुख्यमंत्री कमलनाथ वक्त है बदलाव का नारा देते है, वास्तव में मध्यप्रदेश बदल गया है. मध्यप्रदेश को कांग्रेस की नजर लग गई. नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि समाज मे ऐसी  घटना चिंतनीय है. सरकार ऐसी घटनाओं पर तत्काल रोक लगाए और दोषी कोई भी हो उसे दंड दे ताकि ऐसी घटनाओं की प्रदेश में पुनरावृत्ति न हो.  
अपराधियों को फांसी के फंदे तक पहुंचाए सरकार
 भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद  राकेश सिंह ने धार में हुई  घटना पर आक्रोश व्यक्त करते हुए अपराधियों के विरूद्ध कठोरतम कार्यवाही करने की मांग की है.  उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस सरकार आने के बाद से अपराधियों को प्रोत्साहित करने की अप्रत्यक्ष नीति पर काम किया जा रहा है. अपराधी के विरूद्ध कार्यवाही करने से पहले पुलिस के अधिकारियों को अपराधियों का जाति, धर्म और राजनैतिक संबंद्धता पता लगानी पड़ती है.  सिंह ने कहा कि इस घटना पर सख्त कदम उठाते हुए  ऐसे क्रूरतम अपराधियों को फांसी के फंदे तक पहुंचाने के प्रयास सरकार करे.
इसे कहते हैं जंगलराज
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश में पीट-पीट कर लोगों की हत्याएं की जा रही हैं. पत्थर से कुचल कर मारा जा रहा है. धार की दुर्भाग्यपूर्ण घटना में जो लोग मारे गए है वे पुलिस को सूचना देकर गए थे कि हम अपना पैसा लेने जा रहे है. हमें वहां खतरा है. लेकिन पुलिस सोती रही और ऐसी दुर्भाग्यपूर्ण घटना घट गई, जिसकी प्रदेश में मिसाल नहीं मिलती. उन्होंने कहा कि यह जंगलराज नहीं तो क्या है? पुलिस घटना के पहले कार्रवाई क्यों नहीं करती? क्या पुलिस धर्म जाति पंथ पूछकर कार्रवाई करेगी? क्या पुलिस के हाथ बांध दिए गए हैं? क्या कर्तव्यनिष्ठ पुलिस अधिकारी कार्यवाई करते हैं तो उनको प्रताड़ित किया जाता है. उनका तबादला किया जाता है. यह क्या हो रहा है मध्य प्रदेश में? चारों तरफ तबाही है जंगलराज है. ऐसी घटनाओं पर चुप नहीं बैठा जा सकता.
लोगों को भड़काने का काम कर रहा आरएसएस
 धार के मनावर में मॉब लिंचिंग की घटना को लेकर सहकारिता मंत्री डा. गोविंद सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश में आरएसएस, लोगों को भड़काने का काम कर रही है. उन्होंने कहा कि ये लोग शांत मध्यप्रदेश को हिंसा की ओर ले जाने का काम कर रहे हैं. इस मामले में डा. सिंह का कहना है कि जांच में जो भी पुलिस वाला दोषी पाया जाएगा, उस पर कठोर कार्रवाई की जाएगी. कोई भी अधिकारी-कर्मचारी अगर अपनी ड्यूटी नहीं निभाता है, तो प्रशासन का दायित्व है कार्रवाई करना. मॉब लिंचिंग को लेकर कानून बनाने पर गोविंद सिंह का कहना है कि कानून पहले से ही पर्याप्त है. उन्होंने कहा कि कानून का पालन कराने वालों की लापरवाही के चलते इस तरह की घटनाएं होती हैं. अपराध पूरे देश में होते हैं, लेकिन मामले में जल्द दोषियों पर कार्रवाई हो, यह शासन का दायित्व है. 
कांग्रेस का खुलासा, भाजपा नेता ने किया नेतृत्व
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के मीडिया समन्वयक नरेन्द्र सलूजा ने कहा कि धार के मनावर में घटित घटना में प्रमुख आरोपी भाजपा नेता रमेश जूनापानी है, जिन्होेंने भीड़ का नेतृत्व किया, भीड़ को हिंसा के लिए उकसाया. सलूजा ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी भी की जा चुकी है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस कभी भी इस तरह की घटनाओं को राजनीतिक रंग नहीं देना चाहती है. सलूजा ने कि इसके पहले भी प्रदेश में कई घटनाओं में भाजपा नेताओं के नाम आ चुके हैं. भाजपा के नेताओं को यह सच्चाई जान लेना चाहिए.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें