सोमवार, 17 फ़रवरी 2020

सरकार नहीं सर्कस है, पूरे प्रदेश में हो रहा तमाशा: शिवराज

 सिंधिया-कमलनाथ की लड़ाई में तबाह हो रहा प्रदेश

पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया की नाराजगी और सिंधिया-कमलनाथ की लड़ाई पर कहा कि यह सरकार नहीं सर्कस है, तमाशा कर रखा है. पूरे प्रदेश में तमाशा हो रहा है. इन लोगों की लड़ाई में प्रदेश तबाह हो रहा है. वहीं सरकार के खाली खजाने के आरोप पर पलटवार करते हुए शिवराज ने कहा कि अगर खजाना खाली था तो हमें ही सरकार चलाने देते. आज इतना टैक्स आता है क्या वो भी मामा लूट रहा है?
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यह बात आज राजधानी में मीडिया से चर्चा करते हुए कही. उन्होंने कहा कि प्रदेश में सरकार चल रही कि तमाशा हो रहा है. कोई कह रहा है कि काम नहीं हुआ तो मैं सड़कों पर उतर जाऊंगा, तो वो कह रहे हैं कि उतर जाओ, मैं भी देख लूंगा, कुश्ती चल रही है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता एक-दूसरे से उलट चल रहे हैं., आप उल्टे चलो, प्रदेश को तो सीधी दिशा में बढ़ने दो. पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि चारों तरफ हाहाकार मचा है. किसानों की धान की खरीदी नहीं की जा रही और जिनकी खरीदी की भी गई है, उनका भुगतान नहीं किया गया. एक तरफ सरकार कह रही है कि उसके पास भुगतान के लिए पैसे नहीं हैं और दूसरी तरफ आइफा पर पैसे उड़ा रही है. यह मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि असंवेदनशीलता की यह पराकाष्ठा है. अतिथि विद्वान आत्महत्या कर रहे हैं. वह बहन, जिसके पति ने वेतन नहीं मिलने के कारण आत्महत्या कर ली थी, उनका अस्थि कलश लेकर भोपाल में बैठी है. किसी और का नहीं तो कम से कम उस विधवा बहन की यह सरकार गुहार सुन ले. 
मुख्य सचिव पर बोला हमला
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कुपोषण दूर करने वाले पोषण आहार में घोटाले का आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्य सचिव एसआर मोहंती ने निजी हाथों में ठेका ना देने वाले 11 बिंदुओं को गायब कर दिया है. मुख्य सचिव ने कैबिनेट के फैसले में चीट करते हुए बदलाव कर आदेश भी जारी कर दिया.पूर्व मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री कमलनाथ पर हमला करते हुए कहा कि आखिर मुख्य सचिव की इतनी जरूरत कैसे हुई कि कैबिनेट में लिए फैसले को बदल दिया. उन्होंने कहा कि इस सरकार में ईमानदार अधिकारियों की बलि चढ़ी है और भ्रष्ट अधिकारी इस तरीके के काम कर रहे हैं.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें