रविवार, 23 फ़रवरी 2020

आखिर कुंभकर्णी निद्रा से कब जागेगी सरकार: शिवराज

नई शराब नीति को लेकर प्रदेश सरकार पर पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हमला बोला है. उन्होंने कहा कि प्रदेश की सरकार नई नीति के जरिए शराब को घर-घर पहुंचाने का कुत्सिक प्रयास कर रही है. सरकार द्वारा लगातार गलत  फैसले लिए जा रहे हैं, आखिर यह सरकार कुंभकर्णी निद्रा से कब जागेगी.
राज्य की नई शराब नीति को लेकर भाजपा ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि शराब से वर्तमान भविष्य दोनों बर्बाद होते हैं. फिर भी प्रदेश सरकार इस विनाश को घर तक पहुंचाने का कुत्सित प्रयास कर रही है.  जिस सरकार पर युवाओं का भविष्य बनाने की जिम्मेदारी है, वही उनके जीवन में घनघोर अंधेरे का कारण बन रही है. जनता सबक सिखाएगी. वहीं बिजली कंपनियों द्वारा बिजली की दरों में वृद्धि किए जाने की संभावना को लेकर उन्होंने कहा कि यह सरकार की गलत नीतियों और खराब फैसलों का परिणाम है. कांग्रेस सरकार ने क्षणिक लाभ के लिए  कदम उठाने की बजाय दूरगामी परिणामों के बारे में जरा भी सोचा होता, तो बिजली कंपनियों को बर्बादी के ऐसे दिन न देखने पड़ते. आखिर यह सरकार अपनी कुंभकर्णी निद्रा से कब जागेगी.
कांग्रेस ने दिया जवाब
पूर्व मुख्यमंत्री द्वारा नई शराब नीति को लेकर उठाए गए सवालों  का जवाब कांग्रेस ने दिया है. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के मीडिया समन्वयक नरेंद्र सलूजा ने ट्वीट कर कहा कि  भाजपा शराब को लेकर झूठ परोस रही है. उन्होंने लिखा है कि सच्चाई यह है कि आनलाइन का अर्थ है ट्रांजिट परमिट आनलाइनन जारी होना और बार कोड का अर्थ है फैक्ट्री से वेयर हाउस और डिपो आदि तक परिवहन होने वाली शराब को ट्रैक और ट्रेस करना. जिससे शराब का अवैध परिवहन ना हो. उन्होंने कहा कि जबकि भाजपाई झूठ फैला रहे हैं कि अब आनलाइन शराब घर बुलवा सकेंगे. राज्य सरकार ने नई शराब नीति को कल शनिवार को ही जारी किया है. इसमें राजस्व बढ़ाने के लिए आवश्यक उपायों का जिक्र है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें