कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश के आसारमध्यप्रदेश में एक बार फिर मौसम में बदलाव आया है. ठंड ने फिर दस्तक दी है. मौसम विभाग के अनुसार आगामी 24 घंटों के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है और फिर से ठंड अपना असर दिखा सकती है.
राज्य में फिर मौसम में बदलाव आया है. बदले मौसम के चलते कुछ क्षेत्रों में बारिश के बाद ठंड बढ़ी है. राजधानी भोपाल में भी गुरुवार की शाम से चली हवाओं ने ठंड को बढ़ाया है, हालांकि रात्रि का तापमान बढ़ा है. इस बीच मध्य प्रदेश में मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है. पूर्वी मध्यप्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के अनुसार हवाओं का रुख बदलने से मौसम का मिजाज बदल रहा है. नमी मिलने से बादल छाने लगे हैं. मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार एक ट्रफ दक्षिणी छत्तीसगढ़ तक बनेगी. इसी सिस्टम के चलते पूर्वी मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में एक बार फिर से बारिश हो सकती है. इन क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि और गरज के साथ मध्यम वर्षा भी हो सकती है. वहीं तेज हवाएं चलने की भी संभावना है.
मौसम विभाग के अनुसार राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान जबलपुर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश होना दर्ज की गई है. शेष संभागों का मौसम शुष्क रहा है. राज्य के न्यूनताम तापमानों में सभी संभागों ेंविशेष परिवर्तन नहीं हुआ है. सभी संभागों के जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य रहा है. प्रदेश के खजुराहो और रीवा में सबसे कम न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. जबकि राजधानी भोपाल का न्यूनतम तापमान 12.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है.
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में रुक-रुक कर बारिश 8 फरवरी तक जारी रहेगी. इसके बाद 9 फरवरी से बारिश की गतिविधियां ओडिशा और पश्चिम बंगाल की तरफ बढ़ जाएंगी और मध्य भारत के राज्यों में मौसम साफ हो जाएगा. मौसम साफ होने के साथ ही इन भागों में दिन के तापमान में फिर से वृद्धि देखने को मिलेगी. फिलहाल 8 फरवरी तक बादल छाने और बारिश होने के चलते पूर्वी मध्य प्रदेश ज्यादातर शहरों में दिन का तापमान सामान्य से 3 से 4 डिग्री कम रहेगा. दूसरी ओर इसी दौरान न्यूनतम तापमान सामान्य से 2-3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहेगा. पूर्वी मध्य प्रदेश के एक-दो स्थानों पर छिटपुट हल्की से मध्यम बारिश होने की उम्मीद है.
यहां हो सकती है बारिश
मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कई हिस्सों में आगामी 24 घंटों के दौरान बारिश होने के आसार हैं. मौसम विभाग के अनुसार राज्य के सिंगरौली, सीधी, अनूपपुर, शहडोल, डिंडोरी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, बैतूल और बुरहानपुर जिलों में हल्की बारिश या गरज चमक के साथ बौछारे पड़ सकती है. वहीं अनूपपुर, शहडोल, डिंडोरी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला और बालाघाट जिलों में गरज के साथ बिजली चमकने की संभावना है.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें