सोमवार, 16 सितंबर 2019

भोपाल, इटारसी सहित देश के 11 स्टेशनों को जैश ने दी उड़ाने की धमकी


मध्यप्रदेश  की राजधानी भोपाल और इटारसी रेलवे स्टेशन सहित देश के 11 रेलवे स्टेशनों और मंदिरों को आतंकी संगठन जैश ने बम से उड़ाने की धमकी दी है. जैश के इस लैटर के बाद जीआरपी और आरपीएफ ने रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा के तहत चैकिंग बढ़ा दी है.
आंतकी संगठन जैश ए मोहम्मद की ओर से धमकी भरा यह पत्र भोपाल या इटारसी में किसी रेलवे अधिकारी को तो नहीं मिला है, मगर हरियाणा के रोहतक जंक्शन के स्टेशन सुपरिटेंडेंट यशपाल मीणा को यह पत्र मिला है. जैश ने इस पत्र में रोहतक जंक्शन, रेवाड़ी, हिसार, कुरुक्षेत्र, मुंबई सिटी, बैंगलुरु, चैन्नई, जयपुर, भोपाल, कोटा और इटारसी रेलवे स्टेशनों को बम से उड़ाने की बात कही है. इसके अलावा राजस्थान, गुजरात, तमिलनाडू, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश और हरियाणा राज्य के मंदिरों को भी बम से उड़ाने की चेतावनी दी है. जैश के इस पत्र की जानकारी जैसे ही भोपाल रेलवे के आला अधिकारियों को मिली, इसके बाद हड़कंप सा मच गया है. इसके बाद जीआरपी और आरपीएफ के जवानों की तैनाती भोपाल के अलावा इटारसी रेलवे स्टेशनों पर बढ़ा दी है, साथ ही सभी ट्रेनों और प्लेटफार्म पर चैकिंग भी बढ़ा दी है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें