मंगलवार, 17 सितंबर 2019

कमलनाथ सरकार को घेरने उतरी भाजपा में घमासान

प्रदर्शन को लेकर शिवराज पड़े अलग-थलग, संगठन नेताओं ने साधा मौन

मध्यप्रदेश में बाढ़ राहत को लेकर कमलनाथ सरकार को घेरने के लिए मैदान में उतरी भाजपा में घमासान मचा हुआ है. पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंंह चौहान के प्रदर्शन से अलग हटकर भाजपा संगठन ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने की घोषणा कर दी है. इस घोषणा के बाद शिवराज अपने को अकेला महसूस कर रहे हैं. वहीं संगठन के नेता मौन है, इस मुद्दे पर कोई बोलने को तैयार नहीं हैं.
मध्यप्रदेश के मालवा अंचल के मंदसौर जिले में बाढ़ से मची तबाही के बाद पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सक्रिय हैं. वे दो दिनों से लगातार मंदसौर में बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचकर उन्हें ढ़ाढ़स बंधा रहे हैं, साथ ही प्रदेश की कमलनाथ सरकार को घेर रहे हैं. उन्होंने सरकार को चेतावनी भी दी कि अगर 21 सितंबर तक सरकार ने बाढ़ प्रभावितों की नहीं सुनी तो वे 22 सितंबर को सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने मैदान में उतरेंगे. शिवराज सिंह की इस चेतावनी के बाद भाजपा संगठन ने 20 सितंबर को प्रदेश व्यापी धरना प्रदर्शन करने की घोषणा कर दी.  भाजपा की ओर से प्रदेश अध्यक्ष व सांसद  राकेश सिंह ने भारी बारिश और बाढ़ के कारण हुई फसलों की तबाही पर गहरी चिंता व्यक्त की है. साथ ही किसानों की इस पीडा के समय प्रदेश सरकार की अनदेखी को लेकर रोष व्यक्त किया है. उन्होंने कहा है कि सरकार के इस लापरवाही पूर्ण रवैये के खिलाफ प्रदेश भर में विधानसभा स्तर पर 20 सितंबर को धरना प्रदर्शन किए जाएंगे. इस प्रदर्शन के लिए सभी जिला अध्यक्षों को निर्देश भी जारी कर दिए हैं.
संगठन की 20 सितंबर को प्रदर्शन की घोषणा के बाद भाजपा में घमासान मच गया है. संगठन में शिवराज सिंह चौहान अलग-थलग पड़ते नजर आ रहे हैं. हालांकि अभी इस मुद्दे पर उनकी ओर से कोई टिप्पणी नहीं की है. उन्होंने न तो 22 सितंबर को किए जाने वाले प्रदर्शन की रुपरेखा ही बताई है और न ही यह बताया कि वे प्रदर्शन कहां करेंगे.  वहीं संगठन की ओर से इसकी तैयारी भी शुरु कर दी गई है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें