शुक्रवार, 13 सितंबर 2019

शिवराज ने कहा आपराधिक लापरवाही, दोषियों के खिलाफ की जाए कड़ी कार्रवाई

भाजपा सांसद ने कहा परिजनों की मांग पूरी नहीं हुई तो करुंगी आंदोलन


राजधानी में गणेश विसर्जन के दौरान नाव पलटने से हुई 11 लोगों की मौत पर पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सरकार पर सवाल खड़े किए हैं. उन्होंने कहा कि यह पूरा मामला आपराधिक लापवाही का है. दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए. वहीं भाजपा सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने कहा कि अगर परिजनों की मांग को सरकार ने पूरा नहीं किया तो वे आंदोलन करेंगे.  उन्होंने भी शिवराज सिंह चौहान द्वारा मृतकों के परिजनों को 25-25 लाख रुपए मुआवजे दिए जाने की मांग का समर्थन किया.
गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान नाव पलटने की घटना के बाद पिपलानी क्षेत्र में गमगीन माहौल रहा. घटना की जानकारी मिलने के बाद लोग विसर्जन घाट पर पहुंचे और अपने बच्चों को खोजते नजर आए. एक-एक कर जब शव निकाले गए तो उनकी संख्या 11 तक जा पहुंची. प्रशासन ने शवों को हमीदिया चिकित्सालय पहुंचाया, जहां पर पोस्टमार्टम किया गया. शवों के लेने परिजन हमीदिया पहुंचे तो उनसे मिलने पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंंह चौहान भी वहां पहुंचे और परिजनों को ढ़ाढ़स बंधाया. उन्होंने इस दौरान प्रशासन द्वारा गणेश विसर्जन को लेकर की गई व्यवस्था पर नाराजगी भी जताई. शिवराज सिंह ने कहा कि ये आरोप-प्रत्यारोप का वक्त नहीं है, लेकिन प्रशासन को इस बात की जानकारी होनी चाहिए कि विसर्जन के दिन घाट पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं. इस दुर्घटना के लिए केवल बच्चे की जिम्मेदार नहीं हैं. यह आपराधिक लापरवाही है.ऐसे में मृतकों के परिजनों को 25-25 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी जानी चाहिए. पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि मृतकों के परिवार से एक को नौकरी भी दी जानी चाहिए. 
सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने कहा कि घटना को प्रशासनिक लापरवाही मानना चाहिए और दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए. उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में सरकार को परिजनों की जो भी मांग हो उसे पूरा करना चाहिए. उन्होंने कहा कि अगर मृतकों के पजिरनों की मांग को सरकार ने पूरा  नहीं किया तो वे आंदोलन करेंगी. पूर्व मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि सरकार को पूरी घटना को गंभीरता से लेना चाहिए और मुआवजा राशि 25-25 लाख रुपए दी जानी चाहिए. उन्होंने कहा कि मंत्रियों के बंगलों पर सरकार करोड़ों खर्च कर रही है और इस घटना में सरकार मुआवजा राशि कम दे रही है.
कांग्रेस विधायक ने कहा आईजी को हटाएं
कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने पूरी घटना को लेकर भोपाल आईजी  योगेश देशमुख की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं. उन्होंने कहा कि दरअसल किसी भी जिले में कानून और व्यवस्था बनाए रखने का काम  जिले के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक पर होता है और यदि हादसा प्रशासनिक व पुलिस चूका नतीजा है तो इसके लिए कलेक्टर और एसपी दोनों ही जिम्मेदार हैं. किसी भी जिले में आईजी का काम केवल सुपरविजन का होता है और वह मातहत पुलिस अधीक्षक को कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक निर्देश देता है. उन्होंने कहा कि आईजी को हटाया जाना चाहिए.
 खटलापुरा दुर्घटना की जांच होगी, कार्यवाही करेंगे
जनसम्पर्क मंत्री पी. सी. शर्मा खटलापुरा पहुंचे. उन्होंने कहा कि घटना बहुत दुखद हैं. घटना की विस्तृत जांच कराई जाएगी. पता किया जाएगा कि घटना कैसे  हुई. समस्त व्यवस्थाओं के बावजूद कहां कमी रह गई. इन सब तथ्यों का पता लगातार जो भी दोषी पाए जाएंंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी जिससे भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके.  शर्मा मौके पर रहकर स्वयं स्थिति पर नजर रखे हुए हैं. उन्होंने कहा कि सभी आवश्यक कार्यवाही की जाएगी और परिजन की हरसंभव मदद करेंगे. वहीं  नगरीय विकास एवं आवास मंत्री जयवर्धन सिंह ने खटलापुरा  में हुई नाव दुर्घटना पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है. उन्होंने मृतकों के परिजन को यह दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है.
भाजपा कर रही है राजनीति
मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के मीडिया समन्वयक नरेंद्र सलूजा ने बताया कि भोपाल में घटित खटलापुरा घाट नाव हादसा बेहद दुखद घटना, दिल को झकझोर कर देने वाली घटना है. इस घटना पर प्रदेश के संवेदनशील मुख्यमंत्री कमलनाथ ने तत्काल मजिस्ट्रीयल जांच के आदेश दिए हैं.  उन्होंने कहा कि दुखद घटना में जिसकी भी लापरवाही या दोष सामने आएगा, उसे कतई बख्शा नहीं जाएगा, उस पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई होगी, लेकिन बड़े शर्म का विषय कि भारतीय जनता पार्टी के नेता इस दुखद, संवेदनशील हादसे पर और बच्चों की दुखद मौत पर  भी राजनीति करने का काम कर रहे हैं, उन्हें शर्म आना चाहिए. राजनीति के लिए बहुत विषय होते हैं, कम से कम मुद्दाविहीन भाजपा ऐसे संवेदनशील हादसों को तो राजनीति का विषय न बनाए.
मृतकों के नाम व पते
* परवेज पिता सईद खान उम्र 15 साल निवासी 1100 क्वार्टर पिपलानी.
* रोहित मौर्य पिता नंदू मौर्य उम्र 30 साल निवासी 1100 क्वार्टर पिपलानी.
* करण उम्र 16 साल निवासी 1100 क्वार्टर पिपलानी.
*  हर्ष उम्र 20 साल निवासी 1100 क्वार्टर पिपलानी.
* सन्नी ठाकरे पिता नारायण ठाकरे उम्र 22 साल निवासी 1100 क्वार्टर पिपलानी.
* राहुल वर्मा पिता मुन्ना वर्मा उम्र 30 साल निवासी 1100 क्वार्टर पिपलानी.
*  विक्की पिता रामनाथ उम्र 28 साल निवासी 1100 क्वार्टर पिपलानी.
* विशाल पिता राजू उम्र 22 साल निवासी 1100 क्वार्टर पिपलानी.
* अर्जुन शर्मा  उम्र 18 साल निवासी 1100 क्वार्टर पिपलानी.
* राहुल मिश्रा उम्र 20 साल निवासी 1100 क्वार्टर पिपलानी.
* करण पिता पन्नालाल उम्र 26 साल निवासी 1100 क्वाटर पिपलानी.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें