मध्यप्रदेश पुलिस ने त्योहारों के दौरान सभी जिलों में पुलिस प्रशासन को आवश्यक व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए हैं. निर्देशों में कहा गया है कि साम्प्रदायिक दृष्टिकोण से संवेदनशील माने जाने वाले क्षेत्रों में विशेष नजर रखी जाए. साथ ही भीड़ पर तत्काल नियंत्रण करने के उपाय करने के निर्देश दिए हैं.
राज्य के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक गुप्तवार्ता कैलाश मकवाना की ओर से जारी किए गए निर्देशों में कहा गया है कि त्योहारों के मद्देनजर सभी जिलों में पुलिस प्रशासन आवश्यक व्यवस्थाएं करे, जिससे अप्रिय घटनाओं को रोकने में मदद मिले. निर्देशों में कहा गया है कि सर्वपितृमोक्ष एवं शनिश्चरी अमावस्या के कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालु राज्य में विभिन्न नदियों के घाटों और धार्मिक स्थलों पर जुटना प्रारंभ हो जाएंगे. निर्देशों में राज्य में पिछले वर्षों के दौरान इसी तरह के अवसरों पर धाराजी और रतनगढ़ हादसों का जिक्र करते हुए अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं हो. प्रमुख धार्मिक स्थलों और संवेदनशील सार्वजनिक स्थानों पर समुचित सुरक्षा व्यवस्था करने और तलाशी के निर्देश भी दिए गए हैं.
निर्देशों में कहा गया है कि सांप्रदायिक दृष्टि से संवेदनशील माने जाने वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. भीड़ को तत्काल नियंत्रित करने के उपाय करने के लिए भी कहा गया है. जिलों में पर्याप्त पुलिस बल बनाए रखने के लिए कहा गया है और निर्देश दिए गए हैं कि अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अवकाश स्वीकृत नहीं किया जाए. अवकाश सिर्फ अपरिहार्य कारण की स्थिति में ही दिए जाएं.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें