![]() |
| लालजी टंडन |
प्रोटोकाल का पालन न करने पर राज्यपाल लालजी टंडन की नाराजगी के बाद शिक्षा विभाग के दो अधिकारियों को निलंबित किया गया, जबकि एक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है.
राजधानी भोपाल में शिक्षक दिवस पर 6 सितंबर को आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल लालजी टंडन उस वक्त मंच पर अपनी नाराजगी जाहिर की थी, जब मंत्रियों के कारण यह कार्यक्रम विलंब से शुरु हुआ था. राज्यपाल ने मंच से नाराजगी जाहिर करते हुए कहा था कि वे कार्यक्रम समय पर शुरु हो इसके लिए वे समय से पहले आने के लिए तैयार थे, मगर मंत्री कार्यक्रम स्थल पर समय पर नहीं पहुंचे. इस मामले में प्रोटोकाल का पालन न करने को लेकर भी उन्होंने नाराजगी जाहिर की थी. उल्लेखनीय है कि शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने किसी वरिष्ठ अधिकारी को भेजने के बजाय एक व्याख्याता को राज्यपाल को लेने भेज दिया जिससे राज्यपाल के गरिमा के विपरीत माना गया. राज्यपाल की नाराजगी के बाद कार्यक्रम में उपस्थित मंत्रियों डा. गोविंद सिंह और डा. प्रभुराम चौधरी ने राज्यपाल से इस बात के लिए खेद भी व्यक्त किया था. राज्यपाल के इस तरह के तेवर से कार्यक्रम के दौरान ही हड़कंप मच गया था. राज्यपाल की नाराजगी के बाद शिक्षा विभाग के तीन अधिकारियों पर कार्रवाई की गई. प्रमुख सचिव शिक्षा रश्मि अरुण शमी ने दो अधिकारियों को निलंबित कर दिया है, जबकि एक को कारण बताओ नोटिस दिया है. इसी के चलते उपसंचालक वी.वी. सक्सेना और भोपाल के जिला शिक्षा अधिकारी के पी एस तोमर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है व एक अन्य अधिकारी संयुक्त संचालक धीरेन्द्र चतुर्वेदी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें