गुरुवार, 19 सितंबर 2019

कांग्रेस ने किसानों से किया झूठा वादा, सोनिया, राहुल बताएं क्या करें किसान

शिवराज सिंह चौहान 
विधायक लक्ष्मण सिंह ने कहा कि जल्दबाजी में लिया फैसला, मांगे माफी

मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसान कर्ज माफी को लेकर कांग्रेस पर किसानों से झूठा वादा करने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस  की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी किसानों को बताएं कि वे क्या करें. वहीं कांग्रेस विधायक लक्ष्मण सिंह ने किसान कर्ज माफी को लेकर कहा कि कांग्रेस ने जल्दबाजी में कर्ज माफी का वादा किया अब किसानों से माफी मांगनी चाहिए.
मध्यप्रदेश में एक बार फिर किसान कर्ज माफी को लेकर राजनीति गर्मा गई है. इसे लेकर  पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी उपाध्यक्ष शिवराज सिंह चौहान ने आज मीडिया से चर्चा करते हुए कांग्रेस विधायक लक्ष्मण सिंह के बयान पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस ने किसानों से कर्जमाफी को लेकर झूठा वादा किया था और अब पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी बताएं कि किसान क्या करें.  चौहान ने कहा कि वे पहले से कहते थे कि कांग्रेस ने किसानों से झूठा वादा किया था, उनका कर्ज़ा माफ नहीं किया. कांग्रेस विधायक लक्ष्मण सिंह कह रहे हैं कि कांग्रेस ने जल्दबाजी में कर्जमाफी का वादा किया था, लेकिन अब कांग्रेस के आला नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी बताएं कि किसान क्या करें. चौहान ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी यह चाहती है कि प्रदेश के किसानों और बाढ़ पीड़ितों को तत्काल राहत और मुआवजा मिले. हम 20 सितंबर को हर विधानसभा में शांतिपूर्ण ढंग से धरना और प्रदर्शन करेंगे और मैं सरकार से कहना चाहता हूं कि आंदोलन की नौबत न आने दें.
लक्ष्मण सिंह 
राहुल गांधी मांगें माफी
कांग्रेस विधायक लक्ष्मण सिंह ने तो इस मामले को लेकर राहुल गांधी से किसानों से माफी मांगने की बात कर डाली है. सिंह ने राहुल गांधी से माफी की मांग की है. लक्ष्मण सिंह ने कहा कि 10 दिनों में किसानों का कर्ज माफ करने के बयान पर राहुल गांधी को माफी मांगनी चाहिए. माफी मांगने में कोई बुराई नहीं है.  सिंह  ने कहा कि कमलनाथ एक अनुभवी व्यक्ति हैं, लेकिन राज्य में एक बड़ा वित्तीय संकट है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को भोपाल आना चाहिए और राज्य के नेतृत्व संकट को हल करने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं से बात करनी चाहिए.

शिवराज को पत्र लिखा
विधायक लक्ष्मण सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखा है. पत्र में उन्होंने चौहान के चांचौड़ा में प्रवास की इच्छा पर तंज कसा है कि उनके कार्यकाल में चांचौड़ा में 300 कुएं कागजों पर ही बन गए थे, लेकिन सरकार ने कोई कार्रवाई नहीं की. ये कुएं गरीबों के लिए बनाए जाना थे. इसी तरह चांचौड़ा के ग्राम अजगरी में सामूहिक सम्मेलन घोटाला हुआ था, जिसकी जांच नहीं करवाई गई. सिंह ने कहा कि भाजपा के नेताओं और उनके रिश्तेदारों पर चांचौड़ा में कई गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं. उन्होंने कहा कि आपके चांचौड़ा आने से उपरोक्त मामलों सहित फर्जी प्रमाण पत्रों के सहारे उच्च पदों पर बैठे भाजपा नेताओं के रिश्तेदारों के कागजों की जांच आपकी मौजूदगी में हो सकेगी.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें