मंगलवार, 17 सितंबर 2019

दो हजार करोड़ रुपए की मदद करे केन्द्र सरकार

बाला बच्चन 

मध्यप्रदेश के गृह मंत्री बाला बच्चन ने कहा कि राज्य में बाढ़ की स्थितियों से निपटने के लिए सरकार काम कर रही है. पूरे प्रदेश में 10 हजार करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है और केन्द्र सरकार को फौरन 2 हजार करोड़ रुपए की राशि की मदद करनी चाहिए. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि केन्द्र सरकार ने राज्य की कई योजनाओं की राशि को रोककर रखा है. 
गृह मंत्री बाला बच्चन ने यह बात आज राजधानी भोपाल में संवाददाताओं से चर्चा करते हुए कही. उन्होंने कहा कि सरकार से जितना बन रहा है, बाढ़ से निपटने और लोगों के बचाव और राहत कार्य किए जा रहे हैं. केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि राज्य की कई योजनाओं की राशि रोककर रखी हुई है. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने पुनर्वास स्थलों पर मूलभूत सुविधाओं की बात कही गई थी, लेकिन अब तक केंद्र सरकार की तरफ से न कोई राशि दी गई और न ही इसके लिए कोई प्रयास किए गए हैं. 
उन्होंने केन्द्र सरकार से मांग की है कि मध्यप्रदेश को तत्काल 2 हजार करोड़ की राशि दी जाए, जिससे बाढ़ के हालातों से निपटा जाए और लोगों को राहत राशि मिल सके. बाढ़ स्थलों पर कमलनाथ और दूसरे मंत्रियों के नहीं पहुंचने के सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता और मंत्री लगातार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं. भाजपा के आरोपों पर बाला बच्चन ने कहा कि भाजपा के पास आरोप लगाने के अलावा कोई काम नहीं है. कमलनाथ सरकार के आने से प्रदेश में कानून व्यवस्था ठीक हुई है. बबली कोल और लवलेश जैसे खूंखार डकैतों का खात्मा किया गया है. भाजपा ने बबली कोल के एनकाउंटर पर सवाल खड़े किए हैं, जिस पर बाला बच्चन ने कहा कि हमारे पर आथैंटिक सबूत हैं कि दोनों डकैत पुलिस द्वारा मारे गए. रेत माफियाओं पर कार्रवाई को लेकर उन्होंने कहा कि जो भी अधिकारी लापरवाही करता है, उस पर कार्रवाई की जाएगी.
राजनीतिक रोटियां सेंक रहे हैं शिवराज
शिवराज सिंह  चौहान पर तंज कसते हुए गृह मंत्री बाला बच्चन ने कहा कि वे सिर्फ राजनीतिक रोटियां सेंकने का काम कर रहे हैं.  गृह मंत्री ने कहा कि शिवराज सिंह चौहान, जब केन्द्र में कांग्रेस की सरकार थी तो दिल्ली में धरना देते थे, मगर अब उन्हें क्या हो गया है. अब क्यों नहीं अपनी सरकार के खिलाफ वे बोल पा रहे हैं.
गृह मंत्री ने आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की कथनी और करनी में अंतर है. वे किसानों को भ्रमित कर रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री कमलनाथ के नेतृत्व में राज्य सरकार की बाढ़ से निपटने की तैयारी पूरी है. हर जगह हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है और सर्वे कार्य भी जारी है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें