शुक्रवार, 20 सितंबर 2019

कर्ज माफी के चक्कर में तबाह और बर्बाद हो गया किसान

 शिवराज ने राहुल गांधी को बताया विश्वासघाती

खाद और बीज के लिए किसानों को शून्य फीसदी ब्याज पर मामा कर्जा देता था, लेकिन विश्वासघाती राहुल गांधी के कर्ज माफी के चक्कर में फंसकर किसान तबाह और बर्बाद हो गया. कर्जा तो माफ हुआ नहीं व 14 फीसदी ब्याज और किसान के गले की फांस बन गया.
यह बात आज राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंंह चौहान ने सीहोर जिले के इच्छावर में कर्ज माफी और अतिवृष्टि से बर्बाद फसलों के मुआवजे को लेकर आयोजित भाजपा के प्रदेश स्तरीय प्रदर्शन के दौरान दिए गए धरने को संबोधित करते हुए  कही. चौहान ने  विधायक  करण सिंह वर्मा और किसानों के साथ धरना दिया और सरकार से अति शीघ्र राहत एवं मुआवजे की मांग  की. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और  सोनिया गांधी, आपने मध्यप्रदेश के पूरे सिस्टम को तबाह और बर्बाद करके किसानों को कर्जे में ढ़केलने का काम किया है. चौहान ने धरने को संबोधित करते हुए कहा कि आज  मैं मुख्यमंत्री भले ही नहीं हूं, लेकिन आपका भाई और बच्चों का मामा तो आज भी हूं.
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और सोनिया गांधी के झूठे वादे की वजह से जो किसान कर्ज चुका भी रहे थे, उन्होंने बंद कर दिया. इस कारण वे डिफाल्टर हो गये और अब 14 प्रतिशत ब्याज के बोझ तले दबे किसान कराह रहे हैं. आपके चुनावी फायदे के लिए मध्यप्रदेश का किसान बर्बाद हो गया है.  राहुल गांधी और सोनिया गांधी ने मध्यप्रदेश के किसानों के साथ विश्वासघात किया है. पीठ में छुरा घोंपा है.  चौहान ने कहा कि प्रदेश में चारों तरफ हाहाकार मचा है. कोई सुनने वाला नहीं है, कोई पूछने वाला नहीं है. सोयाबीन की फली गिर गई. अफलन का शिकार हो गई. अब तो कमलनाथ कोई सर्वे की जरूरत नहीं है. मामा होता तो बिना सर्वे के ही खाते में पैसा डाल देता. मैं  किसानों  से आग्रह करता हूं कि आप भी अन्याय और बर्बरता का पर्याय बन गई इस प्रदेश सरकार से अपना हक मांगिए. हमारे साथ जुड़िए और सोती हुई कमलनाथ सरकार को जगाइये.  यह लड़ाई आप और हम मिलकर लड़ेंगे और जीतेंगे. आपका हक दिलवाकर रहेंगे.
सरकार पर लगाया लापरवाही का आरोप
भाजपा का यह धरना, प्रदर्शन आज राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर दिया गया. धरने के बाद राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन जिला कलेक्टर को सौंपा गया. इस दौरान भोपाल में पीर गेट पर पूर्व विधायक सुरेन्द्र नाथ सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ता धरने पर बैठे. धरने को संबोधित करते हुए उन्होंने राज्य की कमलनाथ  सरकार पर बाढ़ के दौरान किसानों को राहत नहीं पहुंचाने को लेकर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि  कांग्रेस ने चुनाव जीतकर सरकार बनाने के लिए किसानों से वादा तो किया, मगर उस वादे को पूरा नहीं किया. पूर्व विधायक ने कहा कि भाजपा बाढ़ पीड़ितों के साथ खड़ी है. अगर हमारी मांग नहीं मानी तो हम आंदोलन करेंगे. 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें