कांग्रेस आरोप लगाने की प्रवृत्ति से न जाने कब बाहर निकलेगी. उसे यह समझने की आवश्यकता है कि प्रदेश में जब उनकी सरकार है तो शिवराज या कोई अन्य नेता कैसे केंद्र से मिलने वाली राशि रोक सकता है. कमलनाथ सरकार जो सड़कों के गढ्ढे तक नहीं भर पा रही है, वह अपनी कमजोरियों को छिपाने के लिए अनर्गल आरोप लगा रही है. जनता की आवाज से सत्ता पक्ष को अवगत कराना विपक्ष का काम है. काम करने के बजाए यह सरकार बे-सिर पैर के आरोप लगा रही है.
यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद राकेश सिंह ने मंगलवार को श्योपुर में जिला बैठक में कही. सिंह ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार एक ऐसी गूंगी बहरी सरकार है जिसको जनता के हितों से कोई लेना देना नहीं है. पूरे प्रदेश में अतिवृष्टि से जनता और किसान परेशान है, लेकिन कहीं भी सरकार और प्रशासन की मौजूदगी नहीं दिखाई देती है. सरकार का एक भी नुमाइंदा ऐसा नहीं है जिसने बाढ पीडितों के बीच पहुंचकर उन्हें संबल देने का काम किया है. बाढ़ में जिन लोगों के मकान टूटे है पूरा सामान डूब गया है, उनको सहारा देने के लिए कहीं भी सरकार खडी हुई दिखाई नहीं देती है. यह केवल अपने विधायक एवं मंत्रियों की ही सुध लेने वाली सरकार है जो आर्थिक हितों को साधकर इस सरकार को चलाने की कोशिश कर रही है. उन्होंने कहा कि किसानों का हमदर्द बनकर सत्ता में आयी कांग्रेस का जनता के दुख दर्द से कोई लेना देना नहीं है. इसलिए भारतीय जनता पार्टी ने तय किया है कि 20 सितंबर को विधानसभा स्तर पर आंदोलन करेगी. जिसमें प्रत्येक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित हो.
देश के भीतर आज गर्व और गौरव की अनुभूति
राकेश सिंह ने बैठक में कहा कि अनुच्छेद 370 और 35 ए के निर्णय को लेकर जो फैसला हमारे नेतृत्व ने किया है, उससे देश के भीतर और बाहर हर व्यक्ति गर्व और गौरव की अनुभूति कर रहा है. पाकिस्तान जिसको बाहर के देश बार बार समर्थन देते थे, इस मजबूत फैसले से आज घुटनों के बल खड़ा होकर भीख मांग रहा है, लेकिन दुनिया का कोई भी देश आज उसके साथ खडे होने के लिए तैयार नहीं है. उन्होंने कहा कि देश के भीतर ऐसी कई ताकतें है जो देश को मजबूत नहीं देखना चाहती. ऐसे राजनैतिक दल है जो यह सोचते है कि देश अस्थिर और कमजोर होगा तो उनकी राजनैतिक रोटियां सिकेंगी. जाति और धर्म के नाम पर उनके वोट बैंक मजबूत होते है. लेकिन वे दिन बीत गए है, अब देश को कोई भी अस्थिर नहीं कर सकता क्योंकि हमारे पास सक्षम और मजबूत नेतृत्व के रूप में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी है.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें