
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश की सरकार कुंभकरण की नींद सो रही है. सरकार को नींद से जगाने के लिए भाजपा घंटानाद आंदोलन चलाएगी.
प्रदेश भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा करते हुए प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने यह जानकारी दी. सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री कमलनाथ को जनता के हितों से कोई लेना-देना नहीं है. यह सरकार कुंभकरण की नींद सो रही है. उन्होंने कहा कि सरकार को नींद से जगाने के लिए भाजपा ने तय किया है कि घंटानाद आंदोलन किया जाए. उन्होंने कहा कि इस आंदोलन की तारीख जल्द ही तय कर दी जाएगी.
पैसों की बंदरबांट पर चल रही प्रदेश सरकार
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि भाजपा प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने के पहले दिन से कहती रही है कि इस सरकार में कई मुख्यमंत्री हैं और अब यही बात सरकार के मंत्री भी कह रहे हैं. उन्होंने कहा कि जिस सरकार में अनेक मुख्यमंत्री हों और जिसके मंत्री तथा विधायक अपने हितों को जनता के हितों से ऊपर मानते हों, ऐसी सरकार जनता और प्रदेश का भला नहीं कर सकती. उन्होंने रहा कि प्रदेश में किसान बदहाल हैं, कानून व्यवस्था ध्वस्त हो गई है, भ्रष्टाचार चरम पर है, सड़कें खस्ताहाल हो गई हैं.
घंटे - घड़ियाल बजाएंगे
भाजपा के प्रदेश के अध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि भाजपा घंटे-घड़ियाल बजाकर कुंभकरण की नींद में सो रही प्रदेश सरकार को जगाएगी और इसके लिए जल्द ही पूरे प्रदेश में घंटानाद आंदोलन शुरू किया जाएगा. उन्होंने कहा कि इस आंदोलन के अंतर्गत प्रत्येक जिला मुख्यालय पर पार्टी कार्यकर्ता और नेता जिला कलेक्ट्रेट का घेराव करेंगे. इस दौरान सरकार और प्रशासन को नींद से जगाने के लिए घंटे-घड़ियाल भी बजाए जाएंगे.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें