भाजपा ने कहा जांच कराए सरकार और दे मुआवजाराजधानी भोपाल के कोलार क्षेत्र में लगातार धरती हिलने की घटना के बाद अब रातीबड़ इलाके में भी इसी तरह के धमाको के बाद धरती हिलने की घटना सामने आई है. इसके बाद लोगों में दहशत है. धमाकों के चलते मकानों में दरारें भी आई हैं. भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि सरकार को इस पूरे मामले की जांच करानी चाहिए और जिन मकानों में दरारें आई हैं, वहां के निवासियों को मुआजवा दिया जाना चाहिए.
राजधानी के कोलार क्षेत्र में पिछले दिनों धरती हिलने की घटना के बाद अब रातीबड़ इलाके में भी इसी तरह के धमाके महसूस किए जा रहे हैं. शनिवार की शाम करीब साढ़े छह से रात साढ़े दस बजे के बीच चार बजे धमाके की आवाज से साथ जमीन हिलना लोगों ने महसूस किया गया. बार-बार हो रही इस प्रकार की घटना के बाद देर रात लोग घरों से बाहर निकल आए. रातीबड़ इलाके में आखिरी कंपन देर रात करीब 10 बजकर 50 मिनट पर महसूस किया. इसके बाद से इलाके में दहशत का माहौल है. सबसे ज्यादा कंपन हरिनगर में महसूस किया गया, इसी प्रकार विशाल नगर फेस वन, टू और थ्री, जगन्नाथपुरी, जैन कालोनी समेत कई इलाकों में रहवासियों को कंपनी महसूस हुए.
हुजूर विधानसभा क्षेत्र के विधायक और भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष रामेश्वर शर्मा ने आज मुख्यमंत्री कमलनाथ को एक पत्र लिखा है. उन्होंने पत्र के माध्यम राजधानी के विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे धमकों को लेकर चिंता जताई है. उन्होंने कहा कि लगातार यह भूकंप और धमाकों का दायरा दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है, परंतु प्रशासन इस पूरे मामले को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहा है और नागरिकों में भय व्याप्त होता जा रहा है. शर्मा ने कहा कि इस पूरे मामले को लेकर शासन जल्द ही भू वैज्ञानिकों द्वारा परीक्षण कराए और स्थिति स्पष्ट करें कि आखिरकार ये धमाके क्यों हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि लगातार हो रहे इस तरह के धमकों से कुछ मकानों में दरारें भी हो गई है, जिससे नागरिकों को हानि भी हुई है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री इस मामले को गंभीरता से लें और जांच कराकर जिन मकानों में दरारें आई हैं, वहां के रहवासियों को मुआवजा वितरण कराएं. उन्होंने कहा कि सरकार को जल्द ही भूकंप प्रभावित क्षेत्रों में एक टोल फ्री नंबर भी जारी करना चाहिए एवं आपदा प्रबंधन, नगर निगम के अधिकारियों के नेतृत्व में आपदा एक टीम का गठन भी किया जाना चहिए, जो विषम परिस्थितियों में नागरिकों की मदद करने के लिए 24 घंटें तैयार रहे.
जांच में नहीं निकला था कोई निष्कर्ष
रातीबड़ इलाके के पहले कोलार क्षेत्र के कान्हाकुंज, दानिश कुंज, विनीत कुंज, सर्वधर्म सी सेक्टर, गणपति इन्क्लेव, आशीर्वाद कालोनी, बंजारी डी सेक्टर, राजहर्ष ए सेक्टर सहित कई इलाकों में पहले भी इस तरह के धमाकों के होने और धरती के हिलने की शिकायतें लोगों ने की थी. धरती के कंपन होने की सूचना के बाद भूगर्भीय वैज्ञानिकों ने इलाके में पहुंचकर जांच-पड़ताल भी की थी, लेकिन कोई निष्कर्ष सामने नहीं आया. शनिवार को रातीबड़ इलाके में हुई इस प्रकार की घटना के बाद आम लोगों ने दहशत का माहौल बना हुआ है.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें