![]() |
| डा. गोविंद सिंह |
मध्यप्रदेश में हनी ट्रैप को लेकर गर्माई सियासत थम नहीं रही है. नेताओं और मंत्रियों द्वारा की जा रही बयानबाजी का दौर भी थमने का नाम नहीं ले रहा है. राज्य के सहकारिता मंत्री डा. गोविंद सिंह ने इस मामले को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंंह चौहान ने हनी ट्रैप में शामिल भाजपा नेताओं के खिलाफ धरने पर बैठने की अपील की है, तो पूर्व गृह मंत्री भूपेन्द्र सिंंह पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता अरुणोदय चौबे ने आरोप लगाया कि श्वेता जैन को स्थापित करने में उन्होंने मदद की थी.
मध्यप्रदेश में हनी ट्रैप को लेकर जहां प्रतिदिन एक-एक कर नये-नये खुलासे हो रहे हैं, वहीं नेताओं और मंत्रियों द्वारा की जा रही बयानबाजी का दौर भी नहीं थम रहा है. राज्य के सहकारिता मंत्री डा. गोविंद सिंह ने इसे लेकर आज पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर सत्ता का नशा है., भाजपा के जिन लोगों के नाम हनी ट्रैप से जुड़ रहे हैं, उनके खिलाफ शिवराज सिंह को धरने पर बैठने चाहिए. डा. सिंह ने कहा कि मैं खुद उनके साथ धरने पर बैठने को तैयार हूं. यह समाज को बदनाम करने का काम कर रहे हैं. डा. सिंह ने कहा कि शिवराज सिंह चौहान को किसानों के नाम पर नौटंकी करना भी बंद कर देना चाहिए. उन्होंने एसआईटी प्रमुख के बदले जाने को लेकर कहा कि जो ज्यादा योग्य और अनुभवी एवं बेदाग अधिकारी हैं, उन्हें एसआईटी प्रमुख बनाया गया है, ताकि मामले का दूध का दूध और पानी का पानी हो जाए. उन्होंने कहा कि नए एसआईटी प्रमुख संजीव शमी का कैरियर बेदाग रहा है, वे ज्यादा अनुभवी है और मुझे उम्मीद है कि इस मामले में वे सख्त कार्रवाई करेंगे.
पूर्व गृह मंत्री ने स्थापित किया था श्वेता को
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक अरुणोदय चौबे ने आरोप लगाया कि पूर्व गृह मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने श्वेता को भोपाल में स्थापित करने में मदद की थी. उन्होंने कहा कि भूपेन्द्र सिंह ही श्वेता जैन को राजनीति में लाये हैं. जब श्वेता का एक अश्लील वीडियो वायरल हुआ तो श्वेता जैन सागर से भोपाल चली गई. वहां भी उन्होंने ही श्वेता को स्थापित करने में काफी मदद की. चौबे ने यह भी आरोप लगाया कि भूपेन्द्र सिंह और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पहले तो उन लोगों को फंसाने में लगे रहे जो उनकी पार्टी में उनका विरोध करते थे. कांग्रेस के विधायक और मंत्रियों का बचाव करते हुए चौबे ने कहा कि कुछ लोग कांग्रेस विधायक और मंत्रियों को ब्लैकमेल कर सरकार गिराने की साजिश कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि ये कमलनाथ सरकार है, यहां दूध का दूध पानी का पानी होगा. इस मामले में विरोधी कांग्रेस के नेताओं को फंसाने की साजिश कर रहे हैं.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें