![]() |
| डा. गोविंद सिंह |
हनी ट्रैप को लेकर एसआईटी की जांच तेज होने के साथ ही सरकार भी कार्रवाई को लेकर कड़ा रुख दिखाने लगी है. राज्य के सामान्य प्रशासन विभाग के मंत्री डा. गोविंद सिंह ने इस मामले में जिन अधिकारियों के नाम आएंगे उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की बात कही है. मंत्री ने कहा कि जिस भी अधिकारी का नाम हनी ट्रैप मामले में आएगा उसे बर्खास्त किया जाएगा और सार्वजनिक रुप से उसका जुलूस भी निकाला जाएगा.
हनी ट्रैप मामले को लेकर सरकार अब उन अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई करने का मन बना चुकी है, जिन अधिकारियों का नाम इससे जुड़ रहा है. आज मुख्यमंत्री कमलनाथ ने एसआईटी प्रमुख संजीव शमी से इस पूरे मामले की जानकारी ली और उन्हें साफ निर्देश भी दिए कि वे सख्त रुख अपनाएं. मुख्यमंत्री के अलावा राज्य के सामान्य प्रशासन मंत्री डा. गोविंद सिंह ने मीडिया में बयान दिया कि हनी ट्रैप मामले में जिस भी अधिकारी का नाम सामने आएगा, उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी. इसके अलावा उस अधिकारी को बर्खास्त किया जाएगा एवं उसका सावर्जनिक रुप से जुलूस निकाला जाएगा. मंत्री के इस बयान के बाद सियासी और प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है. यहां यह उल्लेखनीय है कि इस मामले का खुलसा होने के साथ ही राज्य के कई आईएएस और आईपीएस अधिकारियों के अलावा अन्य अधिकारियों के नाम भी इसमें शामिल होने की बात सामने आई थी. वहीं राजनेताओं के नाम भी सामने आ रहे हैं.
उल्लेखनीय है कि एसआईटी जांच के बाद यह बात भी सामने आ रही है कि अधिकारियों के अलावा कई रसूखदारों के नाम भी सामने आ रहे हैं. इस मामले में अब राजधानी के के कई नामी-गिरामी व्यापारियों के नाम भी आ रहे हैं. बताया जा रहा है कि इसमें शहर के पाश मार्केट के कई व्यापारी भी हनी ट्रैप के शिकार हुए. भोपाल से पकड़ी गई आरोपी महिला ने इन सबको अपना शिकार बना रखा था. न्यू मार्केट के करीब 10 बड़े व्यापारी हनीट्रैप के शिकार हुए थे. एसआईटी को काल डिटेल में कई व्यापारियों के नंबर मिले हैं.
कांग्रेस नेता का विवादित बयान
हनी ट्रैप को लेकर बयानबाजी का दौर भी जारी है. राज्य के एक कांग्रेस नेता ने अब इस मामले को लेकर संघ पर सीधा प्रहार करते हुए विवादित बयान दे डाला है. कांग्रेस नेता मानक अग्रवाल ने कहा है कि इसका एक सबसे बड़ा कारण है आरएसएस के लोग शादी नहीं करते हैं. उन्हे शादी करनी चाहिए. अग्रवाल ने कहा है कि एसआईटी जांच कर रही है यह सब पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के समय से शुरू हुआ. उन्होंने आरोप लगाया है कि इसमें अधिक संख्या में भाजपा नेता शामिल हैं. यह अब 5-6 राज्यों में फैल गया है. अग्रवाल ने कहा कि मोहन भागवत को भी शादी करनी चाहिए.
हनी ट्रैप-भ्रष्टाचार लोकतंत्र के लिए खतरा
हनी ट्रैप मामले को लेकर समाजवादी पार्टी के नेता यश भारतीय ने कहा कि हनी ट्रैप को लोकतंत्र के लिए खतरा बताया है. उन्होंने कहा कि हनी ट्रैप में लोकतांत्रिक व्यवस्था में शामिल सभी लोगों के नाम आ रहे हैं, जहां पूर्व राज्यपाल, मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व सांसद, वर्तमान मंत्री, पूर्व मंत्री, अधिकारी, पत्रकार , व्यापारी लगभग हर संपन्न-सक्षम वर्ग से संबंधित कई व्यक्तियों के भी नाम सामने आ रहे है, ऐसे में मध्यप्रदेश और देश की जनता के सामने सच आना जरुरी है. उन्होंने कहा कि जांच में जिन लोगों के भी नाम आ रहे हैं उनके नाम सार्वजनिक किए जाने चाहिए.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें