![]() |
| शिवराज सिंह चौहान |
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश में चारों तरफ लूट मची है, जुर्म का बोलबाला है और अपराधी खुलेआम अपराध कर रहे हैं. यह हम नहीं, सरकार के मंत्री-विधायक ही बोल रहे है.
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यह बात आज सीहोर जिले के ग्राम सेमरी में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित समस्त ग्रामीणजनों को संबोधित करते हुए कही. उन्होंने कहा कि बहुत समय पहले से सभी ग्रामवासियों के बीच आने का मन हो रहा था. आज बारिश हुई तो लोगों ने कहा कि कार्यक्रम कैसे होगा, लेकिन मेरा दिल नहीं माना और मैं आ गया. उन्होंने कहा कि कमलनाथ सरकार ने कर्जमाफी का वादा किया, जो पूरा नहीं हुआ. सोयाबीन का 500 रुपए प्रति क्विंटल बोनस नहीं दिया और गेहूं पर 160 रुपए प्रति क्विंटल भी नहीं दिए. पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं 12वीं के मेधावी छात्र-छात्राओं को लैपटाप देता था, कालेज में एडमिशन लेने पर स्मार्टफोन देता था, गरीब मेधावी छात्र-छात्राओं को अनेक प्रकार की स्कालरशिप देता था. इसके अलावा संबल योजना के अंतर्गत आने वाले हितग्राहियों के बच्चों की फीस भी भरवाता था. गरीब गर्भवती बहन को बच्चे के जन्म के पहले 4 हजार रुपए और जन्म के बाद 12 हजार रुपए देता था. यह सब इस सरकार ने बंद कर दिया. उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के लगभग सभी बांध लबालब भरे हैं, बिजली का उत्पादन हो रहा है. कमलनाथ सरकार बिजली की आपूर्ति तो नहीं कर पा रही है, लेकिन हजारों रुपए के बिल जरूर भेज रही है. हमने सोचा भी नहीं था कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस सरकार राज्य का इतना बुरा हाल करेगी. चारों तरफ लूट मची है, जुर्म का बोलबाला है और अपराधी खुलेआम अपराध कर रहे हैं. यह हम नहीं, सरकार के मंत्री-विधायक ही बोल रहे है.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें