लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री पांसे ने कहा भारी बारिश के लिए दोषी हैं शिवराजमध्यप्रदेश में कई जिलों में आई बाढ़ को लेकर सियासत तेज हो गई है. भाजपा जहां बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्वास कार्यों में ढ़िलाई बरतने और प्रशासनिक लापरवाही के चलते लोगों को परेशान होने का आरोप लगा रही है. वहीं पूर्व मुख्यमंत्री बाढ़ प्रभावितों को मुआवजा न दिए जाने पर आंदोलन की चेतावनी भी सरकार के दे रहे हैं. वहीं राज्य के मंत्री पी.सी.शर्मा ने आरोप लगाया है कि आपदा प्रबंधन को लेकर केन्द्र से जो पैसे राज्य को मिलना चाहिए था उसे पहले तो शिवराज सिंह चौहान ने रुकवाया है और अब जगह-जगह जाकर लोगों के बीच नौटंकी कर रहे हैं.
मध्यप्रदेश में लगातार बारिश के चलते कई जिलों में बाढ़ के कारण किसानों की फसलें तबाह हो गई है. बाढ़ के बाद अब राज्य में किसानों को लेकर फिर से सियासत तेज हो गई है. पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंंह चौहान इन दिनों सक्रिय हैं और अलग-अलग जिलों में पहुंचकर लोगों के बीच जा रहे हैं और उन्हें आश्वस्त कर रहे हैं कि वे सरकार पर दबाव बनाकर मुआवजा दिलाएंगे. शिवराज सिंंह के अलावा भाजपा के अन्य नेताओं ने भी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में आपदा के कामों पर सवाल खड़े किए हैं. भाजपा का आरोप है कि यहां पर लोगों की कोई सुन नहीं रहा है, लोग परेशान हैं, न तो उन्हें मुआवजा मिल रहा है और न ही किसी तरह का कोई सर्वे किया जा रहा है. खुद पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंंह चौहान तो मुख्यमंत्री कमलनाथ को सीधी चुनौती दे चुके हैं कि अगर समय रहते लोगों को मुआवजा नहीं दिया गया तो वे सड़क पर उतर जाएंगे.
शिवराज सिंह की इस चुनौती के बाद राज्य के मंत्रियों ने भी अब उन्हें घेरना शुरु कर दिया है. राज्य के जनसंपर्क मंत्री पी.सी.शर्मा ने तो आज यह आरोप लगाया कि शिवराज सिंह ने खुद पहले केन्द्र से आपदा प्रबंधन के लिए मिलने वाली राशि को रुकवाया है और अब वे गांव-गांव, खेत-खेत जाकर लोगों के बीच नौटंकी कर रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेता लोगों के बीच जाकर उन्हें भड़काने का काम कर रहे हैं. उन्होंने शिवराज पर दोहरी नीति अपनाने का भी आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि पहले शिवराज सिंह चौहान 310 करोड़ रुपए केन्द्र सरकार से कम आए वे दिलाएं. उन्होंने कहा कि पहले तो शिवराज ने ये पैसे रुकवाए और फिर भावांतर का पैसा भी कम कराया और अब नौटंकी कर रहे हैं.
भारी बारिश के लिए शिवराज दोषी
कमलनाथ सरकार के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री सुखदेव पांसे ने भी आज पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ मोर्चा खोला और उन्होंने प्रदेश में हुई भारी बारिश के लिए उन्हें दोषी करार दिया. पांसे ने कहा कि इंद्रदेव शिवराज से नाराज हो गए हैं, इसलिए राज्य में इतनी बारिश हो रही है. उन्होंने कहा कि शिवराज के बड़बोले बोलों की वजह से इंद्रदेव नाराज हुए हैं. पांसे ने कहा कि शिवराज ने बोला था कि कमलनाथ के कारण पानी नहीं आ रहा है. अब जब राज्य में इतनी बारिश हुई है तो उसका कारण भी शिवराज ही हैं.
गाली देना बंद करे कांग्रेस
जनसंपर्क मंत्री पी.सी.शर्मा के बयान पर पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पलटवार किया है. चौहान ने मंदसौर में मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि यह समय राजनीति करने का नहीं है. कांग्रेस गाली देना बंद करे, यह समय लोगों का दुख दर्द बांटने का है. उन्होंने कहा कि मैं यहां राजनीति करने नहीं आया हूं लोगों के दुख दर्द में शामिल होने आया हूं. उन्होंने कहा कि काफी भयावह स्थिति है. मैं अपनी तरफ से पूरा वेतन दे रहा हूं साथ ही विधायक जगदीश देवड़ा यशपाल सिंह सिसोदिया और सांसद सुधीर गुप्ता भी अपना एक माह का वेतन दे रहे हैं.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें