निकाय चुनावों को लेकर भी सड़कों पर उतरकर विरोध करेगी भाजपाकांग्रेस की सरकार गैर दलीय आधार पर निकायों के चुनाव कराना चाहती है. वह चाहती है कि निकाय अध्यक्षों के चुनाव इनडायरेक्ट हों, ताकि खरीद-फरोख्त करके अपना अध्यक्ष बनवा सके, लेकिन हम मुख्यमंत्री कमलनाथ और कांग्रेस पार्टी को चुनौती देते हैं कि हिम्मत है, तो जनता का सामना करें, हम तैयार हैं. भारतीय जनता पार्टी सड़कों पर उतरकर कांग्रेस सरकार की इस कोशिश का विरोध करेगी और इसके लिए हम रणनीति तैयार कर रहे हैं.
यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद राकेश सिंह ने मीडिया से चर्चा करते हुए कही. सिंह ने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने किसानों के हितों की अनदेखी की है. किसान खून के आंसू रो रहे हैं. युवाओं के साथ धोखा हुआ. कांग्रेस ने कहा था हम बिजली के बिल माफ करेंगे, लेकिन बिजली ही साफ कर दी. इस मामले में मध्यप्रदेश बहुत अच्छी स्थिति में था, लेकिन अब शहरी क्षेत्र हो या ग्रामीण, हर क्षेत्र की जनता बिजली कटौती से परेशान है. वह मध्यप्रदेश जो अच्छी सड़कों के लिए जाना जाता था, वहां मैंटेनेंस न होने के कारण सड़कें खराब हो रही हैं. लॉ-एंड-आर्डर की बहुत बुरी हालत है. कुल मिलाकर कांग्रेस सरकार ने मध्यप्रदेश की स्थिति अंधेर नगरी चौपट राजा जैसी कर दी है.
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सवाल यह नहीं है कि कौन विधायक कहां जा रहे हैं. आज जो उनके विधायक हैं, वही उनसे नहीं संभल रहे हैं. कांग्रेस में किसके समर्थन में पोस्टर लगे, किसके समर्थन में नहीं लगे. कांग्रेस सरकार के तीन मुख्यमंत्रियों में से किसके निर्णय लागू होंगे, किसके नहीं. सिंह ने कहा कि हमने कभी यह नहीं कहा कि भारतीय जनता पार्टी सरकार बनाना चाहती है. हमारा कहना है कि जनता के हितों की अनदेखी नहीं होना चाहिए. कांग्रेस के अंतर्विरोधों के कारण, गुटबाजी, आपसी विभाजन, भ्रष्टाचार व पैसों की बंदरबाट के कारण प्रदेश की जनता के हितों का लगातार उपेक्षा हो रही है. जनता के हितों की रक्षा के लिए भारतीय जनता पार्टी घंटानाद आंदोलन शुरू करने जा रही है. यह केवल भोपाल में ही नहीं बल्कि प्रत्येक जिला मुख्यालय पर होगा.
बुरी तरह डरी हुई है कांग्रेस सरकार
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस बुरी तरह से डरी हुई है. कांग्रेस को पता है कि उसने प्रदेश की जनता के साथ धोखा किया है. जोड़-तोड़ करके सरकार तो बना ली, लेकिन अब नगरीय निकाय के चुनाव सामने हैं. नगरीय निकाय चुनाव में जनता से ही वोट लेने जाना है. इनको पता है कि जनता इनका क्या हाल करने वाली है. यही सोचकर कमलनाथ सरकार बुरी रह डर रही है. इसलिए एक ओर लोकतंत्र की दुहाई देने वाली कांग्रेस आज निकाय चुनावों में लोकतंत्र का गला घोंटने के लिए अमादा है. श्री सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जनता के बीच जाकर इसका विरोध करेगी.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें