![]() |
| पी.सी.शर्मा |
मध्यप्रदेश की कमलनाथ सरकार अब केंद्र सरकार के खिलाफ धरना देगी. राज्य सरकार में कैबिनेट के सभी मंत्री इस धरने में शामिल होंगे. धरना दिल्ली में जंतर-मंतर पर दिया जाएगा.
यह जानकारी आज कमलनाथ मंत्रिमंडल की बैठक के बाद राज्य के जनसंपर्क मंत्री पी.सी.शर्मा ने मीडिया से चर्चा करते हुए दी. उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल की बैठक में केंद्र सरकार द्वारा अतिवृष्टि के लिए राहत पैकेज ना दे दिए जाने को लेकर चिंता जताई गई. साथ ही कहा गया कि केंद्र सरकार मध्यप्रदेश के साथ भेदभाव कर रही है. उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी 4 नवंबर को मध्यप्रदेश में जो प्रदर्शन करने जा रही है, वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के घर के बाहर करना चाहिए ताकि केंद्र सरकार मध्य प्रदेश को राहत की राशि दे दें. शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली स्थित जंतर मंतर पर धरना देगी. हालांकि अभी धरने की तारीख तय नहीं की गई है.
उन्होंने बताया कि अतिवृष्टि की वजह से प्रदेश के 55 लाख किसान प्रभावित हुए हैं, इससे 16 हजार करोड़ रुपए की फसलों को नुकसान हुआ है. किसानों को मुआवजा देने के लिए सभी मंत्री अपनी एक महीने का वेतन देंगे.
नया हवाई जहाज खरीदेगी सरकार
जनसंपर्क मंत्री शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार पुराना हवाई जहाज बेचकर नया हवाई जहाज खरीदने के प्रस्ताव को आज राज्य मंत्रिमंडल ने हरी झंडी दे दी है. सरकार 7 सीटर टेकस्टोन का नया हवाई जहाज खरेदेगी, जिसकी किमत 59 करोड़ रुपए है. उन्होंने बताया कि पुरान जहाज करीब 9 करोड़ रुपए में बिकेगा. राज्य सरकार के पुराने हवाई जहाज को बेचने संबंधी सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि इसके बारे में निविदाएं फिर से आमंत्रित की जाएंगी और फिर विधिवत प्रक्रिया अपनायी जाकर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

































