प्रदेश में मिलावटखोरी को लेकर मुख्यमंत्री कमलनाथ ने फिर से एक बार प्रतिबद्धता जताई है. मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ट्वीट कर कहा है कि मिलावट करने वाला चाहे कितना भी बड़ा शख्स हो उसे बख्शा नहीं जाएगा.
मुख्यमंत्री ने कहा कि एफएसएसएआई की राष्ट्रीय दूध गुणवत्ता सर्वे-2018 की रिपोर्ट बेहद गंभीर व चिंतनीय है. देश भर में दूध में मिलावट के आंकड़े चौकाने वाले हैं, देश में मिलावट का जहर स्वस्थ समाज व मानवता को नष्ट कर रहा है, मिलावटखोर समाज व मानवता के दुश्मन है, इन्हें कतई बख्शा जाना नहीं चाहिए. मुख्यमंत्री ने कहा कि हम इस रिपोर्ट का व्यापक अध्ययन करेंगे, प्रदेश में मिलावट को लेकर हम पूर्व से ही शुद्ध को लेकर युद्ध अभियान चला ही रहे हैं. दोषियों पर प्रतिदिन कड़ी कार्रवाई कर रहे हैं, अभियान में ओर तेजी लाने के निर्देश दिये गये हैं. मिलावट खोरों के खिलाफ अभियान सतत जारी रहेगा. कोई कितना भी बड़ा शख्स हो, मिलावट करने पर उसे बख्शा नहीं जाएगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता के स्वास्थ्य की रक्षा हमारा प्रमुख ध्येय है और हम इसको लेकर वचनबद्ध हैं.
उल्लेखनीय है कि प्रदेश में मिलावटखोरी को लेकर राज्य सरकार द्वारा अब तक लगभग 3 दर्जन लोगों पर रासुका के तहत कार्रवाई की गई है, वहीं लगभग एक सौ लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई है. इसके अलावा त्यौहारी सीजन में लगातार छापेमार कार्रवाई और खाद्वय विभाग द्वारा मिलावट की आशंका पर सैंपल लेकर जांच की जा रही है.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें