बुधवार, 2 अक्टूबर 2019

कोडवर्ड का उपयोग कर हिसाब रखती थी हसीनाएं

 ‘मेरा प्यार’,  ‘पंछी’  के अलावा  ‘वीआईपी’ हुआ करते थे कोडवर्ड

मध्यप्रदेश के बहुचर्चित हनी ट्रैप में  नित नए खुलासे हो रह हैं. एटीएस की जांच में मिली डायरी के पन्नों से एक और खुलासा हुआ है कि युवतियां  शिकार बनाए लोगों का ना सिर्फ पूरा ब्यौरा रखती थी, बल्कि उनसे वसूली राशि का हिसाब कोडवर्ड के साथ अंकित करती थीं.  ‘मेरा प्यार’,  ‘पंछी’  के अलावा  ‘वीआईपी’ इस गिरोह के कोड वर्ड हुआ करते थे.
हनी ट्रैप मामले में अब तक अधिकारियों और नेताओं के नाम सामने आए हैं. एसआईटी को पूछताछ और अलग-अलग स्थानों पर की जांच में एक डायरी मिली है. सूत्रों के अनुसार डायरी में कोडवर्ड का उपयोग कर राशि के लेन-देन की जानकारी रखी जाती थी. डायरी में शिकार बनाए गए लोगों और उनसे वसूली गयी रकम के साथ-साथ साथ बकाया रकम का ब्यौरा लिखा हुआ है. इतना ही नहीं शिकार बनाये गये लोगों के लिए इस्तेमाल में लाए जाने वाले कोडवर्ड का भी जिक्र किया गया है. इसमें ‘मेरा प्यार’,  ‘पंछी’  के अलावा  ‘वीआईपी’ जैसे कोडवर्ड का उपयोग किया गया है. कोडवर्ड के साथ मुस्कुराते हुए चेहरे, प्यार वाले तीर और दिल के निशान भी डायरी के पन्नों पर बने हुए हैं. इसके अलावा डायरी में मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के नेताओं के नामों का उल्लेख है जिनसे राशि वसूली की जानी है या फिर कर ली गई है. इसके अलावा शिकार बनाने में किसकी कितनी भूमिका रही, उसी के आधार पर उसका हिस्सा भी तय किया जाता था.
बदले जा सकते हैं पुलिस महानिदेशक
पुलिस महानिदेशक वी.के.सिंंह और विशेष डीजी पुरुषोत्तम शर्मा के बीच हुए विवाद के बाद शर्मा को मुख्यमंत्री कमलनाथ की नाराजगी के चलते साइबर सेल से हटा दिया गया है. इसके बाद अब इस बात की कयास लगाए जा रहे हैं कि मुख्यमंत्री की नाराजगी के चलते पुलिस महानिदेशक वी.के.सिंह को भी हटाया जा सकता है.
विजय पहले थे भाजपा के सक्रिय सदस्य
मध्य प्रदेश के बहुचर्चित हनी ट्रैप सेक्सकांड की मुख्य आरोपी सागर निवासी श्वेता विजय जैन भाजपा की प्राथमिक सदस्य नहीं हैं. ये कभी सक्रिय सदस्य हुआ करते थे.  यह बात भाजपा विधायक और पूर्व जिला अध्यक्ष शैलेंद्र जैन ने मंगलवार को सागर में मीडिया से चर्चा करते हुए कही. सांसद राजबहादुर सिंह और विधायक शैलेंद्र जैन से श्वेता विजय जैन को लेकर सवाल पूछे गए कि क्या वह भाजपा में हैं? इस पर विधायक और पूर्व जिलाध्यक्ष शैलेंद्र जैन ने कहा, श्वेता के पति विजय जैन भाजपा के सक्रिय नेता हुआ करते थे.
30 करोड़ में वीडियो बेचने की कोशिश की थी
 लोकसभा चुनाव के दौरान कई बड़े नेताओं के साथ हनी ट्रैप में पकड़ाई युवतियों के संबंध वाले वीडियो बेचने की बात भी सामने आ रही है. सूत्रों के अनुसार युवतियों ने ये वीडियो 30 करोड़ रुपए में बेचने का भी प्रयास किया था.इस मामले में कुछ नेताओं से कई दौर की बातचीत भी हुई, मगर अधिक राशि के चलते उनका काम नहीं बना. इसके बाद उन्होंने नेताओं से कई बार व्यक्तिगत संपर्क भी किए और कुछ राशि भी नेताओं से ले ली थी. 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें