सोमवार, 21 अक्टूबर 2019

महात्मा गांधी को राष्ट्रपिता नहीं, राष्ट्रपुत्र मानती है सांसद प्रज्ञा


मध्य प्रदेश के भोपाल से भाजपा की सांसद  प्रज्ञा ठाकुर ने  कहा कि महात्मा गांधी राष्ट्रपुत्र हैं और हमारे लिए आदरणीय हैं. भाजपा की तरफ से देशभर में गांधी संकल्प यात्रा निकाली जा रही है, लेकिन साध्वी प्रज्ञा ने अभी तक इसमें हिस्सा नहीं लिया है.
राजधानी भोपाल रेलवे स्टेशन के एक कार्यक्रम में सांसद प्रज्ञा से पत्रकारों ने पूछा कि वो संकल्प यात्रा में क्यों नहीं जा रहीं हैं? इस सवाल को टालते-टालते साध्वी प्रज्ञा ने कहा कि गांधी राष्ट्रपुत्र हैं और हमारे लिए आदरणीय हैं, लेकिन मुझे किसी को सफाई नहीं देनी. भाजपा सांसद ने कहा कि देश के लिए जिसने भी जो सराहनीय कार्य किया है, निश्चित रूप से वो हमारे लिए आदरणीय और परम आदरणीय होता है.  हम उनके कदमों पर चलते हैं. साध्वी प्रज्ञा ने कहा कि हमारे जो लोग हमें मार्गदर्शन देकर गए हैं निश्चित रूप से हम उनका गुणगान करते हैं, उनके कदमों पर चलकर हम लोगों का आगे मार्ग प्रशस्त करते हैं. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कहने से हम अपने सिद्धांतों को नहीं बदलेंगे, जो अच्छा है वो स्वीकार्य है जो गलत है वो अस्वीकार्य है. कांग्रेस जो चाहे कहे, लेकिन मेरे सिद्धांत राष्ट्र के लिए हैं.
उल्लेखनीय है कि महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के अवसर पर बीजेपी पूरे देश में गांधी संकल्प यात्रा निकाल रही है, लेकिन अभी तक इसमें साध्वी प्रज्ञा ने हिस्सा नहीं लिया है. अभी बीते दिनों ही साध्वी प्रज्ञा ने एक ट्वीट किया था, जिसमें उन्होंने महात्मा गांधी की पत्नी कस्तूरबा गांधी की तारीफ की थी. गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव के दौरान साध्वी प्रज्ञा ने महात्मा गांधी की हत्या करने वाले नाथूराम गोडसे को देशभक्त बताया था.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें