राजधानी भोपाल में भदभदा डैम के समीप देर रात सड़क पर मगरमच्छ घूमता दिखाई दिया, जिसका ने वीडियो बनाकर लोगों ने सोशल मीडिया पर डाल दिया. मगरमच्छ करीब आधे घंटे तक सड़क पर घूमता रहा, उसके बाद बड़ा तालाब में चला गया.
राजधानी में भदभदा डैम के समीप न्यायिक अकादमी टोल नाके के पास एक मगरमच्छ सड़क पर आराम से घूमता दिखाई दिया. मगरमच्छ को कुछ लोगों ने देखा और उसका वीडियो बना लिया. इसके बाद वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. वीडियो वायरल होने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. हालांकि, मगरमच्छ टीम के हाथ नहीं लगा, माना जा रहा है कि मगरमच्छ फिर से तालाब में चला गया है. वैसे राजधानी के बड़े तालाब में कई मगरमच्छ मौजूद हैं. कलियासोत डैम के बाहर भी कई बार मगरमच्छ देखे जा चुके हैं. हालांकि इन्हें पकड़ने की पहले भी कई बार कोशिशें की गई, लेकिन ये पकड़ में नहीं आ सके. बारिश के वक्त बड़े तालाब के आसपास अक्सर मगरमच्छ दिख जाते हैं.
उल्लेखनीय है कि राजधानी में करीब एक महीने पहले भी कोलार डैम रोड पर एक मगरमच्छ निकल आया था, उसे देखते ही सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया था. आनन-फानन में लोगों ने वन विभाग को सूचना दी, जिसके बाद उसे रेस्क्यू किया गया. इसके अलावा कलियासोत बांध से लगे इंस्टिट्यूट आफ एक्सीलेंस के पास भी कुछ दिन पहले एक मगरमच्छ नजर आया था.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें