मंगलवार, 22 अक्टूबर 2019

विधायक लक्ष्मण सिंह ने भाई दिग्विजय सिंह के निवास पर दिया धरना

लक्ष्मण सिंह

मध्यप्रदेश के गुना जिले की चाचौड़ा तहसील को जिला बनाने की मांग को लेकर मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के राजधानी भोपाल स्थित बंगले पर सिंह के विधायक भाई लक्ष्मण सिंह ने अपने समर्थकों के साथ धरना दिया. इस दौरान लक्ष्मण सिंह समर्थकों ने प्रदर्शन भी किया. 
मध्यप्रदेश के चाचौड़ा से कांग्रेस विधायक लक्ष्मण सिंह ने आज अपने समर्थकों के साथ बड़े भाई दिग्विजय सिंह के भोपाल स्थित शासकीय आवास पर चाचौड़ा को जिला बनाने की मांग को लेकर धरना दिया. धरने पर बैठे लक्ष्मण सिंह ने कहा कि हम तो बड़े भाई से समय लेने के लिए आए हैं. वे करीब 8 साल से चाचौड़ा नहीं गए हैं. उन्होंने कहा कि चाचौड़ा को प्रदेश का 53 वां जिला बनाए जाने की घोषणा खुद मुख्यमंत्री कमलनाथ 26 जुलाई 2019 को  कर चुके हैंं, हम तो यहां पर भाई से स्वागत कार्यक्रम में शामिल होने के लिए समय देने की मांग करने आए हैं. हम यही चाहते हैं कि भाई दिग्विजय सिंह स्वागत कार्यक्रम की तिथि दे दें. 
दरअसल, चाचौड़ा तहसील को जिला बनाने की मांग पर कांग्रेस विधायक लक्ष्मण सिंह अड़े हुए हैं. उनके साथ चाचौड़ा से सैकड़ों कार्यकर्ता और विधानसभा क्षेत्र के व्यापारी, किसान और समर्थक पहुंचे हैं. बता दें विधानसभा चुनाव से पहले लक्ष्मण सिंह ने चाचौड़ा में खुले मंच से इस बात ऐलान किया था कि कांग्रेस सरकार के सत्ता में आने के बाद चाचौड़ा को जिला बनाया जाएगा. अब सरकार को एक साल पूरा होने को है लेकिन अभी तक इस बारे में कोई प्रयास शुरू नहीं किए गए हैं. मजे की बात यह है कि लक्ष्मण सिंह खुद कांग्रेस के विधायक हैं और उनकी सरकार में उनकी ही बात नहीं सुनी जा रही है.
दिग्विजय ने  नहीं की बात
लक्ष्मण सिंह जब समर्थकों के साथ दिग्विजय सिंह के शासकीय आवास पर पहुंचे थे, तब दिग्विजय सिंह घर पर  नहीं थे. वे जब घर पर लौटे तब धरने पर बैठे भाई लक्ष्मण सिंह से बात भी नहीं की और सीधे घर के अंदर चले गए. मीडिया से उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि लक्ष्मण सिंंह उनके भाई हैं और वे यहां आ सकते हैं. चाचौड़ा को जिला बनाने की मांग पर वे मौन रहे.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें