मंगलवार, 22 अक्टूबर 2019

लव जिहाद करने वाले मुझे नहीं जानते, होगा कत्लेआम

सुरेन्द्र नाथ सिंह 

भाजपा के पूर्व विधायक सुरेन्द्र नाथ सिंह ने आज खुली चुनौती देते हुए कहा कि लव जिहाद फैलाया जा रहा है, मेरी बेटी के धर्म परिवर्तन की कोशिश की जा रही है. उन्होंने कहा कि लोग मुझे नहीं जानते, अगर ऐसा होगा तो कत्लेआम हो जाएगा. सिंह की बेटी को राजधानी पुलिस महाराष्ट्र के जलगांव से भोपाल लेकर आई, उसका मेडिकल कराने के बाद गौरवी संस्था में काउंसलिंग भी की गई.
पूर्व विधायक सुरेन्द्र नाथ सिंह की बेटी भारती सिंह को पुलिस महाराष्ट्र के जलगांव के निकट रावेर से भोपाल लेकर आई. यहां पर उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया और फिर काउंसलिंग की गई. इसके बाद उसे गौरवी संस्था में रखा गया. यह जानकारी मिलने पर पूर्व विधायक वहां पहुंचे और उनके समर्थकों ने हंगामा भी किया. सिंह ने यहां पर मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि लव जिहाद फैलाया जा रहा है, मेरी बेटी का धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने लव जिहाद को रोकने की बात भी कही है. इतना ही नहीं उन्होंने यह भी कहा कि भोपाल के हुक्का लाउंज में ड्रग्स परोसी जा रही है और युवक-युवतियों को नशे का आदी बनाया जा रहा है. सिंह ने कहा कि धर्मपरिवर्तन हिंदुस्तान में नहीं चलेगा. उन्होंने कहा कि मेरी बेटी का धर्मपरिवर्तन कराने का दम इस धरती पर किसी में नहीं है, जो भी उसके आड़े आएगा, उसका संपूर्ण विनाश होगा.  उन्होंने कहा कि मेरी बेटी का पिछले चार साल से इलाज चल रहा है. सबसे पहले उसका इलाज जरूरी है, उसके मानसिक संतुलन को बिगाड़ने की कोशिश की गई है, इसकी जानकारी है और वे लोग बचेंगे नहीं, क्योंकि वह लोग सुरेंद्र नाथ सिंह को नहीं जानते.
बेटी ने लगाया था परिजनों पर अत्याचार का आरोप
राजधानी भोपाल मध्य विधानसभा सीट के पूर्व विधायक सुरेंद्र नाथ सिंह की बेटी ने पिछले दिनों उच्च न्यायालय में परिवार वालों पर जबरदस्ती शादी के लिए अत्याचार का आरोप लगाया था. बेटी का आरोप है कि परिवार उसकी शादी एक विधायक के बेटे से करना चाहता है, इसके बाद पिता सुरेंद्र नाथ सिंह ने बेटी के आरोपों को सिरे से खारिज किया था और उसे डिप्रेशन का शिकार बताया था. 
पिता ने लिखवाई थी गुमशुदगी की रिपोर्ट
बेटी के घर से गायब होने पर भाजपा के पूर्व विधायक सुरेन्द्र नाथ सिंह ने कमला नगर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखाई थी. एफआईआर में उन्होंने बताया था कि उनकी 28 वर्षीय बेटी भारती सिंह लापता है, वह मानसिक रुप से अस्वस्थ है. रिपोर्ट दर्ज करने के बाद भारती ने फेसबुक के जरिए एक वीडियो बनाया और वायरल किया था, जिसमें परिवार द्वारा प्रताड़ित करने के आरोप लगाए थे, जिसके बाद पुलिस महाराष्ट्र से भारती को वापस भोपाल लाई और पूछताछ की है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें