गुरुवार, 3 अक्टूबर 2019

तेज रफ्तार बस गिरी नदी में, 7 की मौत, 19 घायल



मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में बुधवार देर रात  एक तेज रफ्तार यात्री बस अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए रीछन नदी में जा गिरी.  हादसे में 7 यात्रियों की मौत हो गई. वहीं 19 यात्री इस हादसे में घायल हुए है. सभी गंभीर घायलों को इलाज के लिए राजधानी भोपाल रेफर किया गया है. 
जानकारी के अनुसार ओम साईं राम कंपनी की यात्री बस यात्रियों को लेकर बुधवार की रात को इंदौर से छतरपुर जा रही थी. इस दौरान रायसेन से पहले दरगाह के समीप रीछन नदी के पुल पर बस गड्ढे में फंस गई और अनियंत्रित होकर 50 फीट नीचे नदी में जा गिरी. रात का वक्त होने के कारण अधिकतर यात्री गहरी नींद में सो रहे थे. बस के गिरते ही मौके पर चीख पुकार मच गई. शोर सुनकर स्थानीय लोग मदद के लिए  मौके पर पहुंच गए. ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को हादसे के सूचना दी. सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस व एसडीआरएफ की टीम राहत के लिए मौके पर पहुंच गई. घटना की सूचना पाकर रायसेन कलेक्टर उमाशंकर भार्गव और पुलिस अधीक्षक मोनिका शुक्ला सहित पूरा प्रशासन मौके पर पहुंचा और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू शुरू किया.
 नदी में आधी डूबी बस से रात ढ़ाई बजे तक सात यात्रियों के शव निकाले जा चुके थे. हादसे में यात्रियों को बचाने के लिए पानी में उतरी रेस्क्यू टीम को अंधेरे में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. बस में फंसे यात्रियों को निकालने में टीम के कुछ सदस्यों को बस की खिड़की के कांच भी लग गए. बस को रस्सी के सहारे खींचकर सीधा किया गया और फिर यात्रियों को रस्सी के जरिए लाइफ जैकेट पहनाकर खींचकर बाहर निकाला गया. घायल यात्रियों को बस से निकालकर इलाज के पहले रायसेन जिला अस्पताल भेजा गया. घायलों में 9 यात्रियों की स्थिति गंभीर है, जिन्हें इलाज के लिए भोपाल भेजा गया है. वही रेस्क्यू आपरेशन के दौरान एक पुलिस का जवान भी पानी में बह गया.  
पुलिस महानिरीक्षक आशुतोष राय ने  बस को निकालने के लिए मंडीदीप से क्रेन बुलवाई जा रही है. उन्होंने 7 लोगों के मरने की पुष्टि की है. वहीं कलेक्टर उमाशंकर भार्गव और पुलिस अधीक्षक मोनिका शुक्ला आज सुबह घायलों को देखने जिला अस्पताल पहुंचे. कलेक्टर ने गंभीर घायल को इलाज के लिए 50 हजार और घायलों को दस-दस हजार रुपए की आर्थिक सहायता राशि देने की घोषणा की है.
 दुर्घटना में मृतकों के नाम
 बस दुर्घटना में रवि बंसल पिता  बुद्धा उम्र 22 वर्ष निवासी अनघोरा थाना गुलगंज छतरपुर, दीपक पिता रवि बंसल उम्र एक वर्ष निवासी अनघोरा थाना गुलगंज छतरपुर, मोहम्मद अनवर पिता लियाकत रंगरेज उम्र 29 वर्ष निवासी 40 मंदिर वाल केशरगंज सागर, उजेफा पिता अंसार उम्र 19 वर्ष निवासी बकरी बाजार बेगमगंज, सागर पति बीएल मालवीय उम्र 45 वर्ष फारेस्ट कालोनी रायसेन,  बीएल मालवीय पिता एमएल मालवीय निवासी फारेस्ट कालोनी रायसेन तथा आशीष पिता मनउ निवासी राजगढ़ जिला सागर की मृत्यु हो गई है.
मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख की आर्थिक सहायता
 मुख्यमंत्री कमलनाथ ने रायसेन जिले में हुए सड़क हादसे पर दु:ख जताते हुए कहा है कि हादसे में मृत प्रत्येक व्यक्ति के परिवार के लिए चार-चार लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने के प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं. मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ट्वीट करते हुए कहा कि रायसेन के पास यात्री बस के देर रात्रि रीछन नदी के पुल से नीचे गिरने की घटना बेहद दु:खद है. रात में ही जानकारी मिलने पर प्रशासन के अधिकारियों को राहत के सभी कार्य तत्परता से करने के निर्देश दिए गए. घायल यात्रियों के समुचित इलाज कराने के निर्देश दिये. उन्होंने कहा कि प्रशासन को इन परिवारों की हरसंभव मदद के निर्देश दिए गए हैं.  उन्होंने कहा कि प्रशासन के अधिकारियों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू कर कई लोगों की जान बचाई. 
हादसे की जांच कराकर दोषियों पर की जाएगी कार्रवाई
 स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ प्रभुराम चौधरी रायसेन पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया.  चौधरी ने बताया कि मृतकों और घायलों को शासन की तरफ से आर्थिक सहायता राशि दी जाएगी. उन्होंने कहा कि हादसे के बारे जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने भोपाल-रायसेन निर्माणाधीन सड़क के बारे में बताया कि पुलिया जो क्षतिग्रस्त हो रही हैं, इसमें जांच की जाएगी और दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी. घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद डॉ. प्रभु राम चौधरी घायलों से मिलने जिला अस्पताल पहुंचे.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें