बुधवार, 23 अक्टूबर 2019

शिवराज सिंह से मिले दिग्विजय के भाई लक्ष्मण, अटकलें हुई तेज


अपनी ही सरकार से नाराज चल रहे पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के  विधायक भाई लक्ष्मण सिंह ने आज पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से उनके निवास पर हुई मुलाकात की. दोनों नेताओं की इस मुलाकात के बाद सियासी अटकलें तेज हो गई. हालांकि लक्ष्मण सिंह ने इस मुलाकात को सौजन्य भेंट बताया है.
गुना जिले के चाचौड़ा विधानसभा सीट से विधायक लक्ष्मण सिंंह ने मंगलवार को चाचौड़ा को जिला बनाने की मांग को लेकर बड़े भाई और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के निवास पर धरना दिया था. करीब 5 घंटे से ज्यादा चला यह धरना दिग्विजय सिंह से चर्चा के बाद खत्म हो गया था. इसके बाद आज बुधवार की सुबह फिर से लक्ष्मण सिंंह चर्चा में आ गए. आज सुबह वे पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंंह के निवास पर पहुंचे और उनके बंद कमरे में मुलाकात की. इस दौरान उनके साथ कोई नहीं था. दोनों नेताओं की इस मुलाकात के बाद एक बार फिर सियासी अटकलें तेज हो गई हैं. हालांकि लक्ष्मण सिंह ने इस मुलाकात को सौजन्य भेंट करार दिया है. उन्होंने कहा कि शिवराज सिंह हमारे विधानसभा के साथी हैं, इसलिए इस मुलाकात को कुछ और समझने की जरुरत नहीं है.
यहां उल्लेखनीय है कि लक्ष्मण सिंह कई बार अपनी ही सरकार के खिलाफ हमला बोल चुके हैं. इतना ही नहीं हाल ही में उन्होंने किसान कर्ज माफी को लेकर तो पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी से किसानों से माफी मांगने की बात तक कह डाली थी. इन दिनों भी उनके पार्टी से नाराज होकर चलने की खबरें आए दिन आ रही हैं. कांग्रेस की सरकार बनने के बाद यह माना जा रहा था कि मंत्रिमंडल में लक्ष्मण सिंह को स्थान मिलेगा, मगर ऐसा नहीं हुआ. इसके बाद से वे लगातार सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते रहे हैं. इतना ही नहीं लक्ष्मण सिंह की पत्नी भी कई अवसरों पर सरकार के खिलाफ सोशल मीडिया पर निशाना साधती रही है. वे भी सरकार के खिलाफ सवाल खड़े करती रही हैं.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें