रविवार, 6 अक्टूबर 2019

मंत्री से मिला आश्वासन, पटवारियों ने की हड़ताल खत्म


उच्च शिक्षा मंत्री जीतू पटवारी के बयान के बाद हड़ताल पर गए पटवारियों ने चार दिन बाद रविवार को अपनी हड़ताल वापस ले ली है. राजस्व मंत्री गोविंद सिंह से मुलाकात के बाद पटवारियों ने हड़ताल खत्म करने का फैसला लिया है. 
हड़ताल खत्म करने के बाद पटवारियों का कहना है कि प्रदेश में  किसानों की स्थिति काफी खराब है. किसान फसल खराब होने से परेशान हैं.ऐसे में हमें सर्वे करना है, वहीं अपने बयान को लेकर जीतू पटवारी माफी मांग चुके हैं, इसलिए हम हड़ताल वापस ले रहे हैं. उच्च शिक्षा मंत्री जीतू पटवारी के पटवारियों को भ्रष्ट बताने वाले बयान को लेकर पटवारी हड़ताल पर चले गए थे, लेकिन पटवारियों ने हड़ताल के बीच में सरकार से वेतन भी बढ़ाने की मांग कर दी क्योंकि कांग्रेस ने अपने वचन पत्र में कहा था कि सरकार में आने पर पटवारियों का वेतन बढ़ाया जाएगा. 10 महीने बीत जाने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई. 
राजस्व मंत्री ने कहा कि पटवारियों को वचन पत्र की मांग को पूरा करने का आश्वासन दिया गया है, हमने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि पटवारियों के वेतन संबंधी मांग 6 माह के अंदर पूरी हो जाए. उन्होंने कहा कि पटवारी संघ ने इस बात को समझा कि प्रदेश में अतिवृष्टि हुई है, ऐसे में सरकार के साथ ही इस आपदा में पटवारी भी लोगों के साथ खड़े हैं. वहीं मंत्री जीतू पटवारी ने इस मामले में खेद जताया है. उन्होंने कहा है कि मेरी मंशा किसी को ठेस पहुंचाने की नही है, मेरी भावना गलत नही थी. मंत्री जीतू पटवार ने ट्वीट कर माफी मांग ली है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें