राजस्व मंत्री गोविंद राजपूत से मुलाकात के बाद पटवारियों ने अपनी हड़ताल खत्म करने की घोषणा कर दी. पटवारी संघ के अध्यक्ष ने सोमवार को राजस्व मंत्री गोविंद राजपूत से सागर में मुलाकात की, जिसके बाद उन्होंने हड़ताल खत्म कर काम पर लौटने की बात कही है.
राजस्व मंत्री गोविंद सिंह से मुलाकात के बाद पटवारी संघ के अध्यक्ष उपेन्द्र बघेल ने कहा है कि जो गलतफहमी थी वो अब दूर हो गई है, हम हड़ताल खत्म कर काम पर लौट रहे हैं. इस दौरान मंत्री राजपूत ने उन्हें यह आश्वासन दिया कि उनकी तमाम मांगें सरकार जल्द पूरी करेगी. इसके बाद पटवारी संघ मान गया और अपनी अनिश्चितकालीन हड़ताल वापस ले ली. हड़ताल खत्म होने से राजस्व संबंधित मामलों के निपटारों में आसानी होगी. वहीं बाढ़ प्रभावितों के सर्वे का काम भी रफ्तार पकड़ेगा. इस मौके पर राजस्व मंत्री गोविन्द राजपूत ने कहा कि पटवारियों के वेतन वृद्धि संबंधी पत्र मुख्यमंत्री कमलनाथ को दे दिया है, जल्द ही इस संबंध में भी फैसला हो जाएगा.
उल्लेखनीय है कि रविवार को भी पटवारियों ने हड़ताल खत्म कर काम पर लौटने का ऐलान किया था, लेकिन उच्च शिक्षामंत्री जीतू पटवारी ने एक बार फिर अपने बयान से पटवारियों को नाराज कर दिया था. इसके बाद पटवारियों ने हड़ताल पर वापस लौटने का फैसला लिया था. इस दौरान पटवारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष उपेंद्र बघेल ने कहा था कि उच्च शिक्षा मंत्री जीतू पटवारी ने अपने बयान पर खेद जताने के बजाए कहा कि मैंने माफी नहीं मांगी है. ऐसे में जब तक वो सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते हैं तो पटवारी अपने काम पर नहीं लौटेंगे. लेकिन आज सोमवार सुबह राजस्व मंत्री राजपूत से मुलाकात के बाद फिर से हड़ताल खत्म कर दी.
गौरतलब है कि 28 सितंबर को राऊ विधानसभा के रंगवासा में आयोजित के एक कार्यक्रम के दौरान उच्च शिक्षा मंत्री जीतू पटवारी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा था कि 100 प्रतिशत पटवारी रिश्वत लेते हैं, इन पर लगाम कसना जरूरी है. मंत्री जीतू पटवारी यहीं नहीं रूके इसके साथ ही उन्होने शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा था कि यदि किसी भी प्रकार की लापरवाही सामने आई तो कड़ी कार्रवाई होगी.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें