सोमवार, 25 सितंबर 2023

दिल्ली वाले जितनी बार भोपाल आएंगे, उतने वोट आपके कटेंगे

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ का मुख्यमंत्री शिवराज पर हमला

भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि दिल्ली वाले जितनी बार आएंगे, उतने ही वोट मुख्यमंत्रीजी आपके कटेंगे। आपके कुशासन के साथ उनके कुशासन का भी आक्रोश जुड़ जाएगा, जो आपको नुकसान पहुंचाएगा।
पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के भाजपा कार्यकर्ता कुंभ में आने को लेकर कहा कि मुख्यमंत्री जी जानते हैं दिल्ली वाले जितनी बार भोपाल आएँगे, उतने ज़्यादा वोट कट जाएँगे क्योंकि उनके कुशासन के ख़लिफ़ जो आक्रोश है उसमें दूसरों के कुशासन का भी आक्रोश जुड़ जाएगा, फिर भी दिखाने के लिए तो स्वागत गीत गाने ही पड़ेंगे। जनता प्रश्न उठा रही है कि मुख्यमंत्री जी वो ‘मन’ वाला प्रचार गीत भी बजवाएँगे क्या जिसमें भाजपा उनकी तस्वीर तो दूर, उनका नाम तक लेना भूल गयी है।
इस बार नहीं आने वाली 10 तारीखa
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि 10 तारीख़ आने वाली है के नाम पर पिछले चार महीनों से जनता की कमाई के करोड़ों रुपए फूकने के बाद, इस बार शिवराज सरकार पलटी मार रही हैं। इस बार भाजपाई सरकार के कलेंडर में 10 तारीख नहीं आ रही है। जैसे इस सरकार की ये योजना इनके लिये वोट ठगने का ज़रिया मात्र है, वैसे ही इनकी 10 तारीख़ भी छल निकली। उन्होंने कहा कि सवाल है कि फिर क्यों चार महीना तारीख याद कराने भर के लिये जनता की मेहनत और पसीने के करोड़ों रूपये विज्ञापन में फूंके डाले शिवराज जीं सरकार के धन को तबाह कर उसका दुरुपयोग करते हुए भाजपा के प्रचार पर खर्च करने वाले नौटंकी मुख्यमंत्री और दोगली भाजपा के चाल, चरित्र और चेहरा का कुरूप चेहरा आम आदमी अच्छे से देख रहा है।
सुरजेवाला ने कहा फ्लॉप रहा महाकुंभ
कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी रणदीप सुरजेवाला ने भाजपा कार्यकर्ता महाकुंभ को फ्लॉप बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने शिवराज के “नाम और काम” दोनों से कन्नी काट ली। वे 18 साल में मध्यप्रदेश भाजपा सरकार द्वारा लागू की गई एक योजना की भी चर्चा नहीं कर पाए। उन्होंने भोपाल में आयोजित भाजपा कार्यकर्ता महाकुंभ को “जुमलों का महाकुंभ” करार दिया है। उन्होंने कहा कि आयोजन के मंच पर दो झूठे नेता एक दूसरे के झूठ पर तालियाँ बजाते रहे और मुंगेरीलाल से झूठे हसीन सपने गढ़ते रहे। वे बड़बोले और झूठे भाषणों से लोगों को भरमाते रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें