सोमवार, 18 सितंबर 2023

अपने ही बढ़ा रहे भाजपा की मुसीबत

एक और पूर्व विधायक छोड़ रही पार्टी, आप की लेंगी सदस्यता


भोपाल। विधानसभा चुनाव के पहले भाजपा की मुसीबतें कम नहीं हो रही है। उसके अपने यानि पार्टी के नेता और पदाधिकारी लगातार पार्टी छोड़ते जा रहे हैं। वहीं कुछ छोड़ने को तैयार है। अब भाजपा की पूर्व विधायक ममता मीणा ने जिन्हें चाचौड़ा से टिकट नहीं दिया, उन्होंने पार्टी छोड़ने का मन बना लिया है। ममता के आम आदमी पार्टी में शामिल होने के कयास लगाए जा रहे हैं।
मध्यप्रदेश में चुनावी साल में भाजपा को लगातार झटके लग रहे हैं। अब तक करीब 40 से ज्यादा कद्दावर नेताओं ने पार्टी छोड़ दी है। इनमें बड़ी संख्या में पूर्व विधायक और संगठन के पदाधिकारी है। वहीं बड़ी संख्या में अब भी नेताओं की नाराजगी बाहर आ रही है। नाराज नेताओं में एक बार फिर चाचौड़ा विधानसभा सीट से पूर्व विधायक रही ममता मीणा ने बगावती तेवर दिखा दिए हैं। उन्होंने अपने क्षेत्र चाचौड़ा में अब जनादेश यात्रा निकालना शुरू कर दिया है। यात्रा निकालकर उन्होंने साफ संदेश दिया है कि वे भाजपा छोड़ रही है। सूत्रों की माने तो ममता आम आदमी पार्टी की सदस्यता ले रही हैं। वे आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी के रूप में चाचौड़ा से मैदान में उतरेंगी। बताया जा रहा है कि ममता 19 सितंबर को आप की सदस्यता ले लेंगी।
सिंधिया समर्थकों ने दिए इस्तीफे
भाजपा छोड़ रहे नेताओं में आज इंदौर के दो और नेताओं ने इस्तीफे दे दिए हैं। इंदौर के दिनेश मल्हार और प्रमोद टंडन ने आज अपना इस्तीफा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वी डी ष्शर्मा को भेज दिया है। दोनों ही केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक थे।  भाजपा में दोनों नेताओं की लगातार उपेक्षा हो रही थी, जिसके चलते भाजपा का साथ छोड़ दिया। दोनों नेताओं की जल्द ही कांग्रेस में वापसी हो सकती है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें