मंगलवार, 19 सितंबर 2023

कलेक्टर के ट्वीटर अकाउंट से घोटाले का मैसेज

मचा हड़कंप, अपर कलेक्टर ने दर्ज कराई शिकायत


भोपाल। श्योपुर कलेक्टर द्वारा मनरेगा में हो रहे घोटालों के उजागर किए जाने के बाद अब प्रदेश के बैतूल कलेक्टर के ट्वीटर अकाउंट से 86 करोड़ के घोटाले का उल्लेख करते हुए एक मैसेज रीट्वीट किया गया है। इस मामले को लेकर प्रशासनिक अमला चिंतित हो उठा है। इसे लेकर अपर कलेक्टर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। 

जानकारी के अनुसार बैतूल के कलेक्टर अमनवीर सिंह बैस के अधिकृत ट्वीटर अकाउंट से एक ट्वीट किसी ने रीट्वीट कर दिया। इसमें 86 करोड़ रूपए के घोटाले का जिक्र किया गया है। रीट्वीट कर यह लिखा गया है कि जनता अब भ्रश्टाचारी सरकार को सत्ता से बाहर कर देगी। कलेक्टर के अधिकृत ट्वीटर अकाउंट से हुए इस रीट्वीट के बाद प्रशासनिक अमला चिंतित हो गया है। वहीं अपर कलेक्टर जय प्रकाश सैयाम ने इस मामले को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। बैतूल के गंज थाने में पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। 

गौरतलब है कि एक दिन पहले सोमवार को श्योपुर कलेक्टर संजय कुमार ने मनरेगा में हुए घोटाले को उजागर किया था। उन्होंने कहा था कि ग्राम पंचायतों के काम प्रायवेट इंजीनियरों द्वारा किए जाने की सूचना पर एक प्रायवेट इंजीनियर द्वारकाप्रसाद द्विवेदी के यहां दबिश दी। वहां कई ग्राम पंचायतों के सरकारी कागजात मिले। निजी इंजीनियर के यहां से आधा सैकड़ा पंचायतों का रिकॉर्ड जप्त कलेक्टर ने कार्रवाई शुरू की है। श्योपुर की कल्याणपुरम कॉलोनी स्थित द्विवेदी के यहां से बड़ी संख्या में एमबी जप्त की गई है। यह प्रायवेट इंजीनियर खुद इस्टीमेट बनाता था और खुद ही कार्य का मूल्यांकन करा था। कलेक्टर ने अपनी फेसबुक आईडी पर सोमवार की शाम को यह वीडियो अपलोड किया है।

कर्मचारी की सेवाएं की समाप्त 

कलेक्टर के ट्वीटर अकाउंट से इस तरहे रीट्वीट होने के बाद प्रशासन ने इस मामले में एक कर्मचारी की सेवाएं समाप्त कर दी है। बताया जा रहा है कि कर्मचारी शिवराज बारंगे की सेवाएं समाप्त कर दी हैं। बारंगे ही कलेक्टर के ट्वीटर अकाउंट को हैंडल कर रहे थे। इसके साथ ही पुलिस ने मामले को जांच के लिए साइबर सेल को भेज दिया है। 


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें