गुरुवार, 21 सितंबर 2023

लगातार हार से नेता प्रतिपक्ष का छलका दर्द

कहा कांग्रेस ने ऐसा क्या अन्याय किया, जो चुनाव आते ही कुल्हाड़ी लेकर पीछे पड़ जाते हैं

भोपाल। प्रदेश में भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा के जवाब में कांग्रेस भी जन आक्रोश यात्रा निकाल रही है। सात स्थानों से निकाली जा रही अलग-अलग इन यात्राओं का नेतृत्व कांग्रेस के अलग-अलग
नेता कर रहे हैं। ग्वालियर-चंबल में इस यात्रा का नेतृत्व कर रहे नेता प्रतिपक्ष डा गोविंद सिंह का दर्द आज मुरैना में यात्रा के दौरान दिखा। उन्होंने मतदाताओं से पूछ ही लिया कि कांग्रेस ने ऐसा क्या अन्याय कर दिया जो आप चुनाव आते ही कुल्हाड़ी लेकर पीछे पड़ जाते हैं और फूल को वोट देते हैं।
नेता प्रतिपक्ष डा गोविंद सिंह द्वारा दिए इस बयान के बाद वे आज काफी चर्चा में आए। उनकी यह यात्रा आज मुरैना जिले में थी। इस दौरान मुरैना संसदीय सीट का इतिहास बताते हुए वे दुखी हो गए। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि आखिर 35 साल हो गए आप लोग बदलाव ही नहीं करते हैं। उन्होंने कहा कि रोज-रोज दाल खाने के बाद लोग आठवें दिन टेस्ट बदल लेते हैं, मगर आप हैं कि पैतीस साल से टेस्ट ही नहीं बदल रहे। मुरैना में अब भी भाजपा का फूल ही खिला रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने ऐसा कौन सा अन्याय कर दिया कि आप लोग चुनाव आते ही कुल्हाड़ी लेकर कांग्रेस के पीछे पड़ जाते हैं और फूल को वोट देते हैं।
गौरतलब है कि मुरैना संसदीय सीट पर पिछले पैतीस सालों से भाजपा का कब्जा है। इस सीट पर वर्तमान में केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर सांसद हैं। इस सीट पर 1996 के बाद से कांग्रेस को जीत हासिल नहीं हुई है, इसके चलते नेता प्रतिपक्ष का दर्द मतदाताओं के सामने आया है।
 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें