शनिवार, 23 सितंबर 2023

सिंघार के बिगड़े बोल, कहा पक्का आदिवासी हूं, निपटा दूंगा

अलीराजपुर पुलिस अधीक्षक को दी धमकी

भोपाल। प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस नेताओं द्वारा अधिकारियों को धमकी देने का सिलसिला जारी है। अब पूर्व मंत्री उमंग

सिंघार ने अलीराजपुर पुलिस अधीक्षक को मंच से धमकी दी है कि पक्का आदिवासी हूं। निपटा दूंगा। सिंघार की इस धमकी का वीडियो सोषल मीडिया पर वायरल हो रहा है। 

 दरअसल कांग्रेस की जन आक्रोष यात्रा के दौरान अलीराजपुर जिले में एक स्थान पर कांग्रेस की सभा हो रही थी। इस मंच से पूर्व मंत्री उमंग सिंघार ने भी सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि  अलीराजपुर का आदिवासी कमजोर नहीं है, आपकी बातों में नहीं आएगा। वक्त आने पर तीर कमान उठाएगा और भाजपा सरकार को जड़ से उखाड़ फेंकेगा।  सिंघार ने कहा कि चुनाव में किस तरह कार्यकर्ताओं पर झूठे केस बनाए गए। मैं जानता हूं कि धार का एसपी भाजपा का दलाल है। मुझे एक बार फोन लगाकर कहता है कि आपके साथ साजिश कर दूंगा, तो मैंने कहा कि एसपी तेरे जैसे 50 घूमते है, मैं पक्का आदिवासी हूं निपटा दूंगा। इसके बाद सिंघार ने मंच से मौजूद प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को चेतावनी भरे अंदाज में सलाह दी कि वे निष्पक्ष चुनाव कराएं अन्यथा चुनाव के बाद सब को हटा देंगे।

गौरतलब है कि 2023 के चुनाव में हर पार्टी आदिवासी वोट बैंक में अपनी पैठ बनाना चाहती है। इसी के चलते कांग्रेस हो या भाजपा दोनों दलों के नेता आदिवासी सीटों पर प्रचार के दौरान मंच से आदिवासियों को साधने के लिए हर तरह की कोशिश कर रहे हैं।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें