मंगलवार, 19 सितंबर 2023

जलने वाले जलते रहें, हम रुकने वाले नहीं : शिवराज

खुरई जन आशीर्वाद यात्रा में बोले मुख्यमंत्री


भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मैं सरकार नहीं परिवार चलाता हूं। हम विकास करते हैं और करते रहेंगे। जलने वाले जलते रहें, हम रुकने वाले नहीं है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यह बात आज सागर जिले के खुरई में जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कही। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार इतने साल रही। लेकिन सड़क पर गड्ढे ही गड्ढे थे। जब भी सागर आना होता था तो भोपाल से ट्रेन में बैठकर बीना आते थे। जितने विकास कार्य हमने किए, कांग्रेस कर सकती थी क्या? उन्होंने कहा कि विकास को बताने की जरूरत नहीं होती है। विकास बोलता है। मैं सरकार नहीं परिवार चलता हूं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जलने वाले जलते रहें, हम रूकने वाले नहीं है। हम विकास करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश को तबाह और बर्बाद करने का काम कांग्रेस और दिग्विजय सिंह ने किया। विकास के काम भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने किए। उन्होंने कहा कि कमलनाथ सरकार में पीएम आवास का पैसा भेजा था, जिसे कमलनाथ ने वापस भेज दिया था। किसान सम्मान निधि के लिए किसानों के नाम ही नहीं भेजे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता भूली नहीं है कमलनाथ जी, आपने सत्ता में आते ही सारी जनकल्याणकारी योजनाएं बंद कद दी थीं। लेकिन भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनते ही हमने सारी योजनाएं फिर से प्रारंभ कर दीं। हमने मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार योजना बनाई और तय किया कि जिस गरीब के पास रहने की जमीन नहीं है, उसे निःशुल्क प्लॉट दिया जाएगा।सबका अपना आवास हो, इसके लिए हमने एक नई योजना भी बना दी है।
सौगातें भी दी
मुख्यमंत्री ने खुरई विधानसभा क्षेत्र में कई सौगातें भी दी। उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि खुरई में 100 बिस्तर अस्पताल को 150 बिस्तर का अस्पताल बनाया जाएगा। बरोदिया में कॉलेज खोला जाएगा। साथ ही बांदरी में आईटीआई खोला जाएगा। उन्होंने कहा कि अब भानगढ़ में कॉलेज खोला जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें