मंगलवार, 26 सितंबर 2023

भाजपा को उम्मीदवार नहीं मिल रहे तो वोट देने वाले कहां से मिलेंगे

भाजपा का पलटवार, कहा सूची देख कांग्रेस नेताओं के फूल रहे हाथ-पांव


भोपाल। भाजपा द्वारा जारी की प्रत्याशियों की दूसरी सूची में 3 केन्द्रीय मंत्री सहित आधा दर्जन  सांसदों को प्रत्याशी बनाए जाने को लेकर प्रदेश में सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस ने भाजपा पर हमले तेज कर दिए है। भाजपा के प्रत्याशियों को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने तंज कसते हुए कहा कि नाम बड़े और दर्शन छोटे। वहीं भाजपा नेता भी कांग्रेस पर पलटवार कर रहे हैं। भाजपा नेताओं ने कहा कि कांग्रेस नेताओं पर हाथ पैर फूल जाने वाला मुहावरा फिट बैठ रहा है। 

भाजपा ने सोमवार की रात को विधानसभा चुनाव के लिए 39 प्रत्याशियों की सूची जारी की है। इस सूची में तीन केन्द्रीय मंत्रियों सहित आधा दर्जन सांसदों को प्रत्याशी बनाया गया है। भाजपा की सूची जारी होते ही कांग्रेस प्रत्याशियों को लेकर हमलावर है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने घोशित किए प्रत्याशियों को लेकर कहा कि भाजपा की दूसरी सूची पर एक ही बात फिट है कि नाम बड़े और दर्शन छोटे। भाजपा ने प्रदेश में अपने सांसदों को विधानसभा की टिकट देकर साबित कर दिया है कि भाजपा न तो 2023 के विधानसभा चुनाव में जीत रही है, न 2024 के लोकसभा चुनाव में। इसका सीधा अर्थ ये हुआ कि वो ये मान चुकी है कि एक पार्टी के रूप में तो वो इतना बदनाम हो चुकी है कि चुनाव नहीं जीत रही है, तो फिर क्यों न तथाकथित बड़े नामों पर ही दांव लगाकर देखा जाए। उन्होंने कहा कि अपने को सबसे बड़ी पार्टी कहने वाली भाजपा को भाजपा को आज ये दिन देखने पड़ रहे हैं कि उसको लड़वाने के लिए उम्मीदवार ही नहीं मिल रहे हैं, तो फिर वोट देने वाले कहाँ से मिलेंगे। भाजपा आत्मविश्वास की कमी के संकटकाल से जूझ रही है।

हम तो डूबेंगे, तुम्हें भी ले डूबेंगे सनम

प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि 18 सालों में मध्यप्रदेश को भाजपा की सरकार ने बर्बादी की कगार पर पहुँचा दिया। ये बात प्रदेश की जनता के साथ साथ भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व भी जान रहा है। इसीलिए 15 दिन पहले अमित शाह और कल सोमवार को मोदी जी ने शिवराज जी के नाम और काम से किनारा कर लिया। ये बात शिवराज सिंह को मन ही मन बहुत सालती थी। दूसरी ओर सिंधिया भी अपनी लोकसभा की हार तथा अपने क्षेत्र में लगातार  स्थानीय निकायों की हार से भी हताश थे। बस दोनों नेताओं ने अपने सभी प्रतिद्वंदियों को ठिकाने लगाने का मन बनाया। केंद्रीय नेतृत्त्व को शिवराज और महाराज ने बताया कि मध्यप्रदेश में जीर्णशीर्ण हो चुकी सत्ता की डूबती नाव की पतवार को अब नरेंद्र तोमर, प्रहलाद पटेल, फग्गनसिंह कुलस्ते ,कैलाश विजयवर्गीय और राकेश सिंह की ज़रूरत है। मगर असल में शिवराज और महाराज की मंशा ,“हम तो डूबेंगे, तुम्हें भी ले डूबेंगे सनम“ की है, ये साफ़ है। इस बात को कैलाश विजयवर्गीय ने एक इंटरव्यू में कहा भी  कि हमको टिकिट देकर केंद्रीय नेतृत्त्व ने चौंका दिया ।

सुरजेवाला को बताया धूर्त

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कांग्रेस के प्रभारी रणदीप सुरजेवाला को धूर्त बताया है। उन्होंने कहा कि उनकी कोई औकात नहीं है। शर्मा ने आज  भाजपा मुख्यालय में पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने सुजरेवाला के साथ-साथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ पर भी निशाना साधा। उन्होंने भाजपा को लेकर कमलनाथ और रणदीप सुरजेवाला की ओर से की गई प्रतिक्रिया पर कहा कि आप ऐसे व्यक्ति का नाम ले रहे हैं, जो देश की जनता को रावण कहता है। सुजरेवाला की कोई औकात नहीं है, वे धूर्त हैं। मध्यप्रदेश में इनके पास कुछ नहीं है। ये चलने लायक बचे नहीं हैं। ज्योतिरादित्य सिंधिया और शिवराज सिंह चौहान के चुनाव लड़ने के सवाल पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा अन्य दलों से अलग ही है। हम एक पद्धति पर कार्य करते हैं। हम कैडर बेस ऑर्गनाइजेशन हैं। केन्द्रीय नेतृत्व जो फैसला करता है, हम उसे मानते हैं। 


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें