भाजपा ने कहा पाकिस्तान से चुराया थीम सॉंग, कांग्रेस ने किया पलटवार
भोपाल। विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस द्वारा जारी किए गए थिम सॉंग चलो, चलो को लेकर भाजपा और कांग्रेस नेता आमने सामने आ गए हैं। भाजपा ने इसे पाकिस्तान की पीटीआई पार्टी का थीम सॉंग बताते हुए पाकिस्तान से चुराने वाला बताया। वहीं कांग्रेस ने भी इसे लेकर पलटवार किया है और राजस्थान में भाजपा के थीम सॉंग के वीडियो का जारी किया है।
कांग्रेस जन आक्रोश यात्रा थीम सॉन्ग को लेकर गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कांग्रेस पर चोरी करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपना थीम सांग पाकिस्तान से चोरी किया है। पाकिस्तान में इमरान खान ने इस थीम पर आधारित सांग जारी किया था। मिश्रा ने पाकिस्तान और कांग्रेस का थीम सांग दिखाया। उन्होंने कहा कि कमलनाथ के चलो चलो में 28 विधायक चले गए थे और कमलनाथ के चलो चलो में सरकार चली गई थी। वहीं भाजपा मीडिया विभाग के अध्यक्ष आशीष अग्रवाल ने भी कांग्रेस पर हमला बोला है। ट्वीट कर आशीष अग्रवाल ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा है कि जो आतंकवादियों को “जी” लगाते हो, तारीफ के कसीदे पढ़ते हो, जिनका जिन्ना प्रेम छलकता हो, उनसे और उम्मीद भी क्या ही की जा सकती है? देखिये, कांग्रेस का पाकिस्तान प्रेम, एमपी में चुराया पीटाईआई का थीम सॉन्ग।
एक गीत से बौखलाएं भाजपाई
दूसरी ओर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के मीडिया सलाहकार पीयूष बबेले ने राजस्थान भाजपा का थीम सॉन्ग शेयर किया। इस सॉन्ग में भी चलो, चलो...का उपयोग किया गया। वहीं, कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस के प्रचार अभियान के मात्र एक गीत से ही बौखलाए भाजपाई। बात उस पाकिस्तान की कर रहे हैं, जिसके मुखिया अपने शपथ समारोह में पाक प्रधानमंत्री को आमंत्रित करते हैं? बिन बुलाए पाकिस्तान पहुंच जाते हैं, जिन्ना की मजार पर फूल पेश करते हैं? पाक के नाम का दुरुपयोग कर चुनावी लाभ के लिए हमारे सैनिकों की शहीदी करवाते हैं? जिसके भाजपाई पदाधिकारी,डीआरडीओ में पदस्थ पाक खुफिया एजेंसी आईएसआई की जासूसी करते हुए गिरफ्तार होते हैं? उन्होंने कहा कि ,राजस्थान में भी इसी तर्ज वाला गान आपके प्रचार अभियान का हिस्सा रहा, वे किस चेहरे से कांग्रेस पर आरोप लगा रहे हैं? जल्दबाजी में कुछ कहने के पहले अपनी पार्टी और नेताओं का चरित्र देख लिया कीजिए।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें