बुधवार, 27 सितंबर 2023

भाजपा ने उतारे उत्तर प्रदेश के नेता, लेंगे फीडबैक

पचास से ज्यादा नेता पहुंचे प्रदेश, संसदीय क्षेत्रों में पहुंचेंगे


भोपाल। मध्यप्रदेश में एक बार फिर भाजपा ने उत्तर प्रदेश के नेताओं को बड़ी जिम्मेदारी देकर चुनाव के पहले फीडबैक लेने भेजा है। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक सहित पचास से ज्यादा नेता प्रदेश आए हैं। ये नेता जमीनी फीडबैक लेकर केन्द्रीय नेतृत्व को देंगे। 

मध्यप्रदेश में भाजपा ने प्रत्याशियों की तीन सूचियां जारी की है। इन सूचियों के जारी करने के बाद अब जमीनी फीडबैक लेने के लिए केन्द्रीय नेतृत्व ने उत्तर प्रदेश के नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी है। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, दिनेश शर्मा, सुशील मोदी, मुख्तार अब्बास नकवी, स्वतंत्र देव सिंह, लक्ष्मीकांत, संतोष गंगवार, दिनेश खटीक, सुरेश राणा समेत कई बड़े नेता भोपाल पहुंचे है। राजधानी में इन नेताओं ने प्रदेश संगठन पदाधिकारियों के साथ आज बैठक की। इस बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, शिव प्रकाश, भूपेंद्र यादव, अश्विनी वैष्णव, हितानंद शर्मा मौजूद रहे। वहीं प्रवासी कार्यकर्ता को भी बुलाया गया है। ये प्रवासी कार्यकर्ता प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में अब मोर्चा संभालेंगे। 

गौरतलब है कि इसके पहले भाजपा ने विभिन्न प्रदेश से आए विधायकों की ड्यूटी मध्यप्रदेश की सभी 230 विधानसभाओ में लगाई थी। इन सभी विधायकों ने एक हफ्ते तक विधानसभा में रहकर जनता की नब्ज टटोली थी। इसके लिए प्रवासी विधायक सम्मेलन आयोजित किया गया था।

भाजपा का तूफान है मध्यप्रदेश में 

बैठक से पहले उत्तर प्रदेश के पूर्व उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश में पिछले चुनाव से पहले इस बार ज्यादा सीट आएगी। उन्होंने भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जमकर की तारीफ की। शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश में महिलाओं के प्रसव से लेकर जीवन यापन तक की योजनाएं कारगर रही है। चुनाव में योजना के बल पर मदद मिलेगी। देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मध्यप्रदेश में भाजपा का तूफान है। वहीं कांग्रेस के आरोप पर कहा कि जो लोग आरोप लगा रहे हैं, वो बौखला गए हैं।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें