शुक्रवार, 8 सितंबर 2023

लोकसभा क्षेत्रों में ऑब्जर्वर बनाकर किए जाएंगे तैनात


 चार राज्यों के कांग्रेस नेता होंगे प्रदेश में सक्रिय

भोपाल। भाजपा ने हाल ही में 230 विधानसभा क्षेत्रों में चार राज्यों के विधायकों, सांसदों को मैदान में उतारकर फीडबैक लिया था। इसके बाद अब कांग्रेस भी चार राज्यों के नेताओं को लोकसभा क्षेत्रों का आब्जर्वर बनाकर सभी विधानसभा सीटों का एक बार फिर फीडबैक लेने की तैयारी कर रही है।
जानकारी के अनुसार कांग्रेस प्रतिदिन विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति बदल रही है। कांग्रेस नेता अपनी रणनीति का खुलासा नहीं कर रहे हैं, मगर मैदान में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की सक्रियता का आकलन लगातार कर रहे हैं। अब कांग्रेस ने नई रणनीति के तहत  प्रदेश के हर लोकसभा क्षेत्र में एक आब्जर्वर नियुक्त करने की रणनीति पर काम किया है। बताया जा रहा है कि प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीटों पर ये आब्जर्वर नियुक्त किए जा रहे हैं। आब्जर्वर हर लोकसभा की प्रत्येक विधानसभा सीट का फीडबैक लेंगे। जानकारी के अनुसार गुजरात,महाराष्ट्र ,दिल्ली और उत्तरप्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस नेता अब मध्यप्रदेश में मोर्चा संभालेंगे।  अलग अलग राज्यो के चुनावी प्रबंधन में माहिर है ये नेता। 29 लोकसभा क्षेत्र में आर्ब्जवर के रूप में इन्हें तैनात किया जा रहा है। हर एक ऑब्ज़र्वर को एक लोकसभा की सभी विधानसभा सीटों की जिम्मेदारी दी जाएगी।  कांग्रेस के जनरल सेकेट्री केसी वेणुगोपाल, प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ, प्रदेश प्रभारी रणदीप सुरजेवाला के साथ होगी इन पदाधिकारियों की बैठक 12 सितंबर को होनी है।
आम सहमति वाले दावेदारों के नाम पहले होंगे घोषित
कांग्रेस द्वारा पहले उन विधानसभा सीटों के प्रत्याशियों के नाम घोषित किए जाएंगे, जिनको लेकर लोगों की आम सहमति है। इसमें अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग के लिए सुरक्षित सीटें भी शामिल हैं। सूत्रों का कहना है कि जिन वर्तमान विधायकों को चुनाव लड़वाया जाना है, उन्हें इशारा भी कर दिया गया है। 15 सितंबर के बाद पार्टी प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर सकती है, जिसमें लगभग सौ नाम शामिल होंगे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें