मंगलवार, 19 सितंबर 2023

एजेंडा पूरा करने आंकड़ों की बाजीगरी कर रहे अधिकारी

दिग्विजय ने कहा 137 योजनाओं पर लगाया प्रतिबंध, सरकार बनी तो कराएंगे जांच

भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के निशाने पर एक बार फिर प्रदेश के अधिकारी आ गए हैं। उन्होंने अधिकारियों पर आरोप लगाया कि सरकारी एजेंडा पूरा करने के लिए ये अधिकारी आंकड़ों की बाजीगरी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पहले से ही गड़बड़ाई वित्तीय हालत को ये अ
धिकारी और हानि पहुंचा रहे हैं। 

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने वित्त विभाग के अधिकारियों पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार के वित्त विभाग के अधिकारियों को प्रदेश के आर्थिक हालात को देखते हुए सचेत रहने की आवश्यकता है। सिंह ने कहा कि भाजपा के चुनावी एजेंडा को पूरा करने के लिए वित्त विभाग के आला अधिकारी आंकड़ों की बाजीगरी कर प्रदेश की पहले से डगमगाई वित्तीय हालत को और हानि पहुंचा रहे हैं। वित्त विभाग द्वारा 137 योजनाओं पर प्रतिबंध लगा दिया गया है, वहीं अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं में भी बजट को अघोषित तौर पर रोककर भाजपा के चुनावी एजेंडे में सरकार का पैसा डायवर्ट किया जा रहा है। इस तरह वित्त विभाग के आला अधिकारियों कई महत्वपूर्ण खर्चे को वर्तमान के लिए टालकर भविष्य के लिए बड़ी देनदारी खड़ी कर रहे है। 

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे सूचना मिली है इसके लिए वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा निचले अधिकारियों पर मनमाफिक नोटशीट लिखने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। मुझे सूचना है कि कई विभागों की कई निधियां जो वित्त विभाग के पास संधारित है उसमें से अघोषित तौर पर वित्त विभाग द्वारा सरकार के चुनावी एजेंडे हेतु पैसा खर्च कर दिया गया है, जिसके कारण प्रदेश का वास्तविक ऋण वित्त विभाग द्वारा दिखाए गए आंकड़े से कहीं ज्यादा है। मैं गड़बड़ करने वाले अधिकारीयों को चेतावनी देना चाहता हूं कि कांग्रेस की सरकार आने के बाद इन कार्यकलापों की सघन जांच कराई जाएगी और गड़बड़ी करने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी चाहे वो किसी भी वरिष्ठता के क्यों ना हो। 


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें