मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कांग्रेस को लेकर जनता में है आक्रोश
भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस के प्रति जनता का जमकर आक्रोश देखने को मिल रहा है। नेता आपस में ही डंडे चला रहे हैं, कुछ बंदूक लेकर निकल रहे हैं। सनातन का अपमान मध्य प्रदेश की जनता सहन नहीं करेगी।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यह बात आज राजधानी में मीडिया से चर्चा करते हुए कही। उन्होंने भाजपा द्वारा निकाली जा रही जनआशीर्वाद यात्रा को लेकर कहा कि हम तो जनता की सेवा करने का काम कर रहे हैं। जनता से आर्शीवाद लेने हम जनता के बीच जा रहे हैं। हमें जनता का भरपूर आशीर्वाद हमें मिला रहा है। कांग्रेस को नाम नहीं मिला तो वे आक्रोश यात्रा निकाल रहे है। इसको सुनकर ही मन विचलित हो जाता है। सीएम ने दिग्विजय सिंह और कमलनाथ पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दिग्विजयसिंह पोस्टर से गायब और कमलनाथ तो यात्रा से ही गायब है। इनके कार्यकर्ता आपस में लड़ रहे हैं, लठ, बंदूके निकाल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा को भारी जनमत मिलेगा। प्रत्याशियों को लेकर उन्होंने कहा कि अब तक घोषित प्रत्याशियों का फीडबैक अच्छा मिल रहा है।
प्रत्याशियों की दूसरी सूची जल्द आएगी
केन्द्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा की ऐसा पहली बार हुआ है कि किसी दल ने इतने समय पहले प्रत्याशियों की सूची जारी की है। दूसरी सूची पर विचार-विमर्श चल रहा है। जल्द ही दूसरी सूची आ जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की जीत के लिए कार्यकर्ता महाकुंभ नींव का पत्थर साबित होगी। भाजपा की सरकार और शिवराज सिंह चौहान ने शिद्दत के साथ काम किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कार्यकर्ता महाकुंभ में लाखों कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन देंगे। इस महाकुंभ के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ता आगामी चुनाव में “महाविजय का संकल्प“ लेंगे। मुझे पूर्ण विश्वास से कहता हूँ कि विकास और गरीब कल्याण के बल पर आगामी चुनाव में भाजपा की प्रचंड विजय होगी।
जो सोचा था उससे ज्यादा मिल रहा आशीर्वाद
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि हमने जो सोचा था उससे अधिक जनता का आशीर्वाद मिला है। भाजपा के विकास और गरीब कल्याण को लोगों ने सराहा है, अपार जन समर्थन मिला है। अल्पसंख्यक भाई-बहनों का भी आशीर्वाद मिला है। इस यात्रा के जरिए एक करोड़ से अधिक लोगों तक पहुंचे। 48 लाख लोगों तक सीधी सहभागिता हुई। 25 सौ स्थानों पर स्वागत हुआ। 750 रथ सभाएं भी हुई। वहीं 250 स्थानों पर बड़ी सभाएं आयोजित की गई। उन्होंने बताया कि सदस्यता अभियान के तहत 8 लाख से ज्यादा महिलाएं पार्टी से जुड़ी है। उन्होंने कहा कि जन आकांक्षा पेटी में आए सुझावों का अध्ययन कर घोषणा पत्र में जोड़ा जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें